पश्चिमी यूपी में बारिश ने बढ़ाई ठंड, 3 डिग्री लुढ़का पारा; 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

पश्चिमी यूपी में बारिश ने बढ़ाई ठंड, 3 डिग्री लुढ़का पारा; 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

UP News: पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में बारिश के बाद तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आ गई है। गुरुवार सुबह लखनऊ और गोरखपुर सहित कई जिलों में बादल छाए हैं। ठंड बढ़ने की वजह से लोग चौराहों पर अलाव के पास बैठे नजर आए। हालांकि, मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में ग्रीन अलर्ट जारी किया है, यानी मौसम साफ रहेगा।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले 4 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। बुधवार की बात करें तो बांदा 8.2°C के साथ सबसे ठंडा रहा। मथुरा, नोएडा और बुलंदशहर में तेज बारिश हुई। मेरठ और बरेली में बादल छाए रहे। लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि मध्य पाकिस्तान और आसपास के पंजाब इलाके में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर पश्चिमी यूपी के कई जिलों तक देखा गया है। इसी वजह से हल्की बारिश हुई।

पछुआ हवा से पारा 3 डिग्री तक गिरेगा

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब मौसम साफ होने की संभावना है। फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। पछुआ हवा के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है।

गेहूं-सरसों की फसल गिरी तो पैदावार कम होगी

विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा है कि अगर तेज हवा के साथ बारिश होती है तो गेहूं और सरसों की फसल गिर सकती है, जिससे दाने कमजोर हो सकते हैं और पैदावार पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने कटी हुई फसलों को खुले में न रखने और सुरक्षित जगह पर भंडारण करने को कहा है।

मार्च के पहले हफ्ते से गर्मी की शुरुआत

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव कहते हैं कि मार्च के पहले हफ्ते से मौसम पूरी तरह बदलने लगेगा और गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। दिन और रात, दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मार्च के आखिरी हफ्ते तक यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *