UP News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। आज सुबह 7 बजे बारिश के बीच परिवार के साथ प्रेमानंदजी के वृंदावन आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति ने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। प्रेमानंद जी ने राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। आश्रम में राष्ट्रपति का संतों ने माला-चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति ने प्रेमानंदजी को जन्मदिन की बधाई दी।

प्रेमानंदजी का गुरुवार (19 मार्च) को 56वां जन्मदिन था। गौरतलब है कि राष्ट्रपति यूपी के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इसके बाद शाम को मथुरा पहुंचीं। यहां वे रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी और पश्चिमी यूपी की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का यह मथुरा का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह पिछले साल 25 सितंबर को आई थीं। तब बांके बिहारी के दर्शन किए थे।

राष्ट्रपति आध्यात्मिक चर्चा के दौरान भाव-विभोर नजर आईं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और दोनों नातिनें आद्याश्री और नित्याश्री मौजूद थीं। केलीकुंज आश्रम में राष्ट्रपति और उनके परिवार के लिए कुर्सियां लगाई गई थीं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति संत प्रेमानंद महाराज के साथ आध्यात्मिक चर्चा के दौरान भाव-विभोर दिखीं। इस दौरान कुटिया में सिर्फ राष्ट्रपति, उनके परिजन और बाबा के करीबी शिष्य ही मौजूद रहे।


