IndiGo Crew Shortage Crisis: इस समय भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो एक बड़े परिचालन संकट से जूझ रही है। कई एयरपोर्ट्स पर मंगलवार और बुधवार को इंडिगो की 150 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गई। इसकी सबसे बड़ी वजह क्रू की कमी बताई जा रही है।बुधवार को बेंगलुरु में 42, दिल्ली में 38, मुंबई से 33, हैदराबाद में 19, अहमदाबाद में 25, इंदौर में 11, कोलकाता में 10 और सूरत में 8 फ्लाइट कैंसिल हुईं।
बीते दो दिन में कंपनी की 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। सैकड़ों उड़ानें घटों देरी से आना-जाना कर रही है। इस कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री फंस गए हैं। गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिली। लोग अपनी-अपनी फ्लाइट्स का घंटों से इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें निराश यात्री एयरलाइन कर्मचारियों से बहस करते नजर आए।
एयरलाइन ने बताई तकनीकी खराबी
एयरलाइन ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि छोटी-मोटी तकनीकी खराबी, सर्दियों के कारण शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम में स्लो नेटवर्क और क्रू मेंबर्स के शिफ्ट चार्ट से जुड़े नए नियमों (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) के पालन के कारण हमारे ऑपरेशन पर बुरा असर पड़ा है। इसका पहले से अनुमान लगाना संभव नहीं था।
DGCA ने इंडिगो से जवाब मांगा
वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो से मौजूदा दिक्कतों के कारणों और उनसे निपटने के लिए प्लानिंग का ब्योरा मांगा है। DGCA ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रहा है। फ्लाइट्स कैंसिल और देरी कम करने के तरीकों पर आकलन किया जा रहा है।
DGCA के अनुसार, क्रू की कमी इसकी मुख्य वजह है। इंडिगो में यह दिक्कत पिछले महीने से चल रही है। नवंबर में इसकी 1232 उड़ानें रद्द हुईं। मंगलवार को 1400 उड़ानें देरी से चलीं।
यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी और सलाह
- सफर करना है। एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंचें। मैन्युअल चेक-इन में 25–40 मिनट अतिरिक्त लग रहे हैं। बैगेज ड्रॉप और सिक्योरिटी चेक में भी देरी।
- एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें। ऐप/वेबसाइट पर लाइव स्टेटस। कई एयरलाइंस SMS/Email नहीं भेज पा रहीं, इसलिए खुद चेक करें।
- फ्लाइट कैंसिल होने पर क्या विकल्प। फुल रिफंड मिलेगा। अगली उपलब्ध फ्लाइट की रीबुकिंग। कुछ एयरलाइंस ‘वाउचर’ ऑप्शन भी देती हैं।
- कनेक्टिंग फ्लाइट वाले यात्री। ओवरलैप या मिस्ड कनेक्शन की संभावना बढ़ी। एयरलाइन कस्टमर सपोर्ट से ‘री-रूटिंग’ का विकल्प पूछें।
DGCA के नए नियमों के कारण इंडिगो में परेशानी
DGCA ने 01 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 01 जुलाई को लागू हुआ।
वहीं, 01 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ, जिसके बाद से एयरलाइन कंपनियों खासतौर से इंडिगो की फ्लाइट्स पर असर दिखने लगा। DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें क्रू और FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।
एयरलाइंस को नियमों से परेशानी की वजहें
- FDTL के नियम मार्च 2024 से लागू होने वाले थे, लेकिन एयरलाइनों ने कहा कि इतना बड़ा बदलाव एक बार में संभव नहीं है। हजारों नए क्रू की जरूरत पड़ेगी। रोस्टरिंग सॉफ्टवेयर अपडेट करने में समय लगेगा।
- एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA) ने बुधवार को कहा कि क्रू की दिक्कतों की वजह से इंडिगो में ऑपरेशनल रुकावटें एयरलाइंस की प्रोएक्टिव रिसोर्स प्लानिंग की नाकामी की ओर इशारा करती हैं।
- ALPA ने यह भी दावा किया कि फ्लाइट्स कैंसिलेशन की घटनाएं DGCA पर दबाव डालने की भी कोशिश हो सकती है।
- पायलटों के ग्रुप ने DGCA से यह भी अपील की कि वे एयरलाइन के पास मौजूद पायलटों की संख्या पर विचार करें। ताकि रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम (FRMS) के नए कॉन्सेप्ट को अपनाया जा सके।

