Monalisa Bhosle Vs Director Sanoj Mishra: प्रयागराज के महाकुंभ मेले से चर्चा में आईं मोनालिसा भोंसले ने डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोनालिसा ने फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
मोनालिसा ने केरल के कोच्चि में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सनोज मिश्रा अच्छा इंसान नहीं है। उसने मुझे 10 बार गलत तरीके से छुआ। मैंने अपने परिवार को बताया कि सनोज मिश्रा ने मुझे छुआ, लेकिन उन्होंने मेरा साथ नहीं दिया। मुझे पता है कि मैंने क्या सहा है। मेरे साथ गलत व्यवहार हुआ है। मुझे सिर्फ न्याय चाहिए। सनोज मिश्रा ने मुझे जब छुआ। मैंने यह बात अपने पूरे परिवार को बताई, लेकिन कहा गया कि यह तुम्हारी पहली फिल्म है। क्या पहली फिल्म के लिए मुझसे रेप करवाओगे?
केंद्र-केरल और MP सरकार से मांगी सुरक्षा
मोनालिसा ने केंद्र सरकार के साथ केरल और मध्य प्रदेश सरकार से मदद मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कहा कि उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं। साथ ही कुछ लोग उन्हें लगातार धमका रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डायरेक्टर उनके बारे में गलत बातें फैला रहा है और कहा कि उन्हें अपनी फिल्मों में काम नहीं देगा। उन्होंने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ काम नहीं करना चाहतीं।
पति पर गलत आरोप न लगाने की अपील
मोनालिसा ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि उनके पति के खिलाफ शादी को लेकर गलत आरोप न लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि डायरेक्टर उनकी शादी को लव जिहाद बता रहा है और समाज में तनाव फैलाने की कोशिश कर रहा है।
मोनालिसा ने सभी धर्मों के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें उनके पति से अलग करने की कोशिश की गई तो दोनों आत्महत्या कर लेंगे।
पति फरमान ने भी गंभीर आरोप लगाए
वहीं, मोनालिसा के पति फरमान ने भी आरोप लगाया कि डायरेक्टर उन्हें आतंकवादी बता रहा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम परिवार में जन्म लेने और उनका नाम फरमान खान होने के कारण उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। फरमान ने कहा कि वह श्री नारायण गुरु में विश्वास रखते हैं और उन्होंने उसी के एक मंदिर में शादी की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा भावुक हो गईं और दोहराया कि अगर उन्हें सुरक्षा नहीं मिली तो वे आत्महत्या कर सकते हैं। दोनों ने हाल ही में केरल में शादी की है, क्योंकि मोनालिसा के परिवार को यह रिश्ता स्वीकार नहीं था। वे फिल्म शूट के सिलसिले में तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे।
बता दें कि इंदौर की रहने वाली मोनालिसा भोसले पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए एक वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आई थीं।

