Lucknow News: उत्तर प्रदेश काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने काकोरी में रामपाल से मुलाकात की है। कांग्रेस पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो रामपाल अस्वस्थ थे और काफी डरे और सहमे हुए थे। तनुज पुनिया ने उनका ढांढस बंधाया और उन्हें कांग्रेस पार्टी के सम्पूर्ण सहयोग के लिए आश्वस्त किया। कांग्रेस सांसद ने कहा की ये सीधे-सीधे संविधान पर हमला है और खुले आम लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार दलित विरोधी है और इसी मानसिकता के कारण बार बार संविधान का अपमान कर रही है।
भाजपा हमेशा एक वर्ग विशेष को बचाने का प्रयास करती है। सवाल ये है कि कौन है जो इन गुंडों को संरक्षण दे रहा है। क्यों इस सरकार में दलितों के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि रामपाल के साथ अमानवीय कार्य करने वालों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए और रामपाल को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक इंदल रावत, जिला अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह, शहर अध्यक्ष शहजाद आलम, अमित त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत, सिद्धि श्री, सुशील वाल्मीकि, कमलेश रावत आदि मौजूद रहे।

