Vice President Election 2025: विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. से उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान जस्टिस रेड्डी ने कहा कि लोहिया और नेता जी से बहुत कुछ सीखा, लेकिन हिंदी में भाषण देना नहीं सीख पाया। थोड़ा बहुत बोलने की कोशिश करता हूं।
बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि प्रतिपक्ष ने मुझ पर विश्वास जता कर मुझे उम्मीदवार चुना है, इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। मुझे मालूम है कि जो लोग इंडिया गठबंधन में नहीं हैं, वो भी आगे आ रहे हैं। लेकिन अखिलेश यादव के बिना संभव नहीं है। कल केजरीवाल से मिला। परसों मैं चेन्नई में था, वहां स्टालिन से मिला। रोज पार्लियामेंट मेंबर से बातचीत होती रहती है। मैं यहां क्यों हूं, आपको बताने की जरूरत नहीं है।
मेरे खड़ा होने में अखिलेश यादव का बड़ा रोल | Vice President Election 2025
जस्टिस रेड्डी ने कहा, मैं यूपी से सपोर्ट हासिल करने के लिए यहां आया हूं। उप राष्ट्रपति का दफ्तर राजनैतिक दफ्तर नहीं होता, संवैधानिक दफ्तर होता है। मैं यहां खड़ा होकर बात कर रहा हूं, इसमें अखिलेश यादव का बड़ा रोल है। उन्होंने कहा कि चार दिन से मुलाकात और बात कर रहा हूं। इस पर कुछ और बोलने की जरूरत नहीं है। इसमें नया कुछ नहीं है। सीएम, मिनिस्टर को जेल जाने पर कुर्सी जाने वाले बिल को लेकर कहा कि मामला जेपीसी में है। वहां से कुछ होगा, उसके बाद ही कोई रिएक्शन दूंगा।
अखिलेश यादव बोले- जीत पक्की है | Vice President Election 2025
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा, आज जिन राजनैतिक परिस्थितियों में चुनाव होने जा रहा है। हम लोग न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, उसमें न्यायमूर्ति से बेहतर क्या हो सकता है। न्याय को लेकर, हक को लेकर, विचारधारा को लेकर इनसे बेहतर प्रत्याशी कौन हो सकता है। मुझे उम्मीद है कि अंतरात्मा की आवाज सुन कर लोग वोट करेंगे। बात हार जीत की नहीं। मुझे पूरा भरोसा है कि अंतरात्मा की आवाज पर वोट पड़ेगा, भारी वोटों से जीत हासिल कर सकेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज हमारे INDIA गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी उत्तर प्रदेश में आए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हम पूरी ताकत से उनका साथ खड़े हैं। इस बार का चुनाव बहुत ऐतिहासिक होने वाला है और निश्चित तौर से हमारे प्रत्याशी जीतेंगे।
एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत | Vice President Election 2025
इससे पहले बी. सुदर्शन रेड्डी का एयरपोर्ट पर कांग्रेस और सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद प्रमोद तिवारी के अलावा बड़ी संख्या में सपा के नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करने पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने “जस्टिस रेड्डी जिंदाबाद” के नारे लगाए। सुदर्शन रेड्डी गले में सपा का गमछा डालकर बाहर निकले। रेड्डी एयरपोर्ट से सीधे ताज होटल गए, इसके बाद कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
कौन हैं जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी?
पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी देश के सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इंडिया ब्लॉक ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए एक मजबूत और सम्मानित चेहरा माना है। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी तमिलनाडु के सीपी राधाकृष्णन से होगा।
लोकसभा में यूपी के सांसदों की संख्या | Vice President Election 2025
सपा-कांग्रेस- 43 सांसद
एनडीए गठबंधन- 36 सांसद
एक सांसद चंद्रशेखर हैं।
राज्य सभा में यूपी के सांसदों की संख्या
भाजपा- 24
सपा- 4
निर्दल – 1
आरएलडी- 1
बीएसपी- 1

