Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शनिवार (17 अक्टूबर) को नियुक्ति की मांग को लेकर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास का घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने घंटी बजाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की और जमकर नारेबाजी की। नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 48 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आवास के बाहर पहुंचे और अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी बात सुनी और साथ देने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि वह अभ्यर्थियों के साथ हैं और इस मामले पर चर्चा करेंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति का समाधान निकलने की उम्मीद जगी।
आरक्षण का लाभ देकर नई सूची जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ष 2018 की सहायक शिक्षक भर्ती में उन्हें आरक्षण का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही पांच प्रतिशत छूट के आधार पर चयन सूची में बदलाव करके नई सूची जारी की जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल सके।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले छह वर्षों से नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। इस मामले में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद और विधायकों तक अपनी गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अब 48 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने का इंतजार है।
