यूपी में चार दिन भीषण गर्मी, 30 जिलों में चलेगी लू; 26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम

यूपी में चार दिन भीषण गर्मी, 30 जिलों में चलेगी लू; 26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम

UP News: उत्‍तर प्रदेश में बुधवार को 30 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट है। सुबह से तेज धूप निकली है। आगरा में इतनी भीषण गर्मी है कि प्रशासन सड़कों पर पानी की बौछारें डलवा रहा है। काशी में बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा लगाई गई है। भक्तों के लिए कॉरिडोर में रेड कारपेट और जर्मन हैंगर लगाए गए हैं।

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज से 4 दिन यानी 25 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पारा 45°C के पार पहुंच सकता है। हालांकि, 26 अप्रैल को बारिश की संभावना बन रही है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C के पार पहुंच गया। प्रयागराज सबसे गर्म रहा। यहां दिन में पारा 44.4°C पहुंच गया।

स्‍कूलों के समय में बदलाव

बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी। इसके बाद शिक्षक और अन्य कर्मचारी 1:30 बजे तक स्कूल में रहकर शैक्षणिक और प्रशासनिक काम पूरा करेंगे।

भीषण गर्मी की वजह से प्रदेश में आग लगने की कई घटनाएं हुईं। गाजियाबाद में चिलचिलाती धूप के बीच एक मार्केट में आग लग गई। इससे रेस्टोरेंट समेत 20 दुकान जल गईं। मेरठ और लखनऊ में भी बस में आग लग गई। मेरठ में बस में करीब 50 यात्री थे। हालांकि, आग लगने से पहले ही सभी सुरक्षित बाहर आ गए।

26 अप्रैल से बारिश की संभावना

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन के असर से अगले 3-4 दिनों के दौरान तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान 45°C या इससे पार पहुंचेगा। पूरा प्रदेश लू की जद में रहेगा। 26 अप्रैल से पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलगी। हालांकि, पूर्वी यूपी में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।

इन 30 जिलों में लू की चेतावनी

पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या और आसपास के इलाके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *