Actress Disha Patani के Bareilly वाले घर पर फायरिंग, पहले रेकी की फिर बरसाईं गोलियां, CCTV में घटना कैद

Actress Disha Patani के Bareilly वाले घर पर फायरिंग, पहले रेकी की फिर बरसाईं गोलियां, CCTV में घटना कैद

Disha Patani Bareilly: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर नौ राउंड फायरिंग की गई। बाइक सवार दो आरोपी फायरिंग कर नैनीताल हाईवे की ओर भाग निकले। इनमें आगे बैठा युवक हेलमेट लगाए है। चर्चित अपराधी गोल्डी बरार के गुर्गे रोहित गोदारा की आईडी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी ली गई है। इसमें स्वामी अनिरुद्धाचार्य व स्वामी प्रेमानंद पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गुस्सा जताया गया है। भविष्य में ऐसा करने पर जान से मारने की भी धमकी दी गई है।

टीमें गठित, सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुटीं

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान दिशा पाटनी के पिता सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी, मां और बहन सेवानिवृत्त मेजर खुशबू पाटनी समेत तीन लोग घर में सो रहे थे। एसएसपी ने वारदात के राजफाश के लिए एसपी सिटी व एसपी क्राइम के नेतृत्व में पांच टीम गठित की हैं। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं।

पुलिस लाइन परिसर से सटा है इलाका

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस लाइन परिसर से सटे इलाके में रहने वाले सेवानिवृत्त सीओ जगदीश चंद्र पाटनी ने शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना दी कि उनके दरवाजे पर फायर करके कुछ लोग भाग गए हैं। पुलिस पहुंची तो घर की बालकनी के छज्जे पर फायरिंग के कई निशान मिले। तीन बर्स्ट फायर की पुष्टि हुई, जिससे नौ राउंड फायरिंग का प्रमाण मिल रहा है।

चार पुलिसकर्मी तैनात

एसएसपी ने खुद परिवार से मिलकर जानकारी जुटाई और घर पर चार पुलिसकर्मियों की गारद लगा दी है। पाटनी के परिवार को सुरक्षा के लिहाज से दो गनर भी दिए गए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट से लग रहा है कि गोल्डी बरार ग्रुप के लोगों ने परिवार को डराने के लिए फायरिंग की है।

एक दिन पहले की थी रेकी, एक फायर भी किया

इंस्पेक्टर कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि पाटनी परिवार को शुक्रवार तड़के हुई फायरिंग के बारे में ही पता था। दनादन फायर के बाद कुत्ते भौंके तो पाटनी बाहर निकलकर आए थे। जब घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज में एक दिन पहले की जांच की गई तो पता लगा कि दूसरी बाइक पर दो अलग युवक बृहस्पतिवार सुबह साढ़े चार बजे इसी गली में घुसे थे। दोनों हमलावर हेलमेट लगाए थे। इनमें पीछे बैठे युवक ने पाटनी के घर के बाहर हवाई फायर किया था। बिना रुके बाइक मोड़कर दोनों निकल गए थे। सुबह पड़ोसियों ने पाटनी व परिवार को आवाज के बारे में बताया, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार तड़के की घटना के बाद परिवार को साजिश का शक हुआ और अफसरों को जानकारी दी।

लड़कियों को लेकर दिए बयान पर की थी टिप्पणी

खुशबू पाटनी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। पिछले दिनों स्टेशन से जब कोई नशेड़ी दुधमुंही बच्ची को उठाकर रेलवे के खंडहर में ले गया था तो खुशबू ने ही उसे उसकी मां से मिलाया था। पिछले दिनों खुशबू ने संत अनिरुद्धाचार्य के लड़कियों पर दिए बयान पर तीखी टिप्पणी की थी। उनके इस बयान में अंग्रेजी के शब्द को लोगों ने मथुरा के ही संत प्रेमानंद पर टिप्पणी से जोड़ दिया। फिर खुशबू को सोशल मीडिया पर खासा ट्रोल किया गया।

लोग इसे भूल भी गए, लेकिन खुशबू ने बाद में सोशल मीडिया पर सफाई दी तो जिक्र किया कि स्वामी प्रेमानंद के बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा, लेकिन अनिरुद्धाचार्य पर दिए बयान पर वह आज भी कायम हैं। चर्चा है कि राजस्थान व हरियाणा में मथुरा (यूपी) के इन दोनों संतों के अनुयायी लाखों की संख्या में हैं। इसलिए यह बात उन्हें बुरी लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *