Fatehpur Maqbara Dispute: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मकबरे पर तोड़फोड़ के बाद तनाव फैल गया है। हिंदू संगठनों द्वारा मकबरे को मंदिर बताकर पूजा अर्चना की कोशिश की गई थी, जिसके बाद विवाद हुआ। इस मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार की लापरवाही बताया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश का फतेहपुर दोआब के नाम से जाना जाता है। फतेहपुर गंगा जमुनी तहजीब के लिए देशभर में मशहूर है। यहां तक 1992 में बाबरी विध्वंस के दौरान जब पूरा देश हिंदू-मुसलमान के नाम पर लड़ रहा था, तब भी फतेहपुर ने अपनी गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखा और फतेहपुर को बचाया था। लेकिन, आज भाजपा के नेताओं ने सत्ता की हनक और पुलिस के संरक्षण के दम पर उसी फतेहपुर की गंगा जमुनी तहजीब पर एक दंश लगाने का काम किया है।
पुलिस प्रशासन पर भी आरोप | Fatehpur Maqbara Dispute
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेता मुखलाल पाल के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? अगर वक्त रहते पुलिस प्रशासन ने भाजपा नेता की खिलाफ कार्रवाई की होती तो फतेहपुर का अमन-चैन कायम रहता। उन्होंने कहा कि फतेहपुर पुलिस प्रशासन की विफलता पूरे देश ने देखा है कि कैसे पुलिस की मौजूदगी में दंगाई मकबरे तक पहुंचे और पुलिस की मिलीभगत से तोड़फोड़ की गई।
कांग्रेस अध्यक्ष राय ने कहा कि योगी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति का दावा करती है। क्या अपने जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह के घरों पर बुलडोजर चलाएगी? इनके खिलाफ कब सख्त एक्शन लेगी? आरोप लगाया कि बीजेपी के इन तथाकथित नेताओं की नज़र मकबरे के नाम पर दर्ज 11 बीघा की बेशकीमती जमीन पर है। बीजेपी संरक्षित भू-माफिया कब्जा करके इस पर प्लाटिंग करना चाहते हैं।
पुलिस प्रशासन की विफलता है फतेहपुर की घटना | Fatehpur Maqbara Dispute
अजय राय ने कहा कि फतेहपुर पुलिस प्रशासन की विफलता पूरे देश ने देखा है। कैसे पुलिस की मौजूदगी में दंगाई मकबरे तक पहुंचे। पुलिस की मिलीभगत से ही वहां तोड़फोड़ की गई। भाजपा फतेहपुर में लगातार अपनी हार से हताश है। अब माहौल खराब करके हिंदू-मुस्लिम के बीच एक खाई पैदा करने की कोशिश की गई है।
आखिर क्या कारण है कि 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है, लेकिन अभी तक पुलिस प्रशासन ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की हैं। फतेहपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। वहां आरोपियों को बचाया जा रहा है।