टला हादसा: Air India Flight का इंजन बंद, टेकऑफ के दौरान चिंगारी भी दिखी

टला हादसा: Air India Flight का इंजन बंद, टेकऑफ के दौरान चिंगारी भी दिखी

Air India Flight Emergency Landing: मुंबई से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया (Air India) की एयरबस A320 Neo फ्लाइट AI2812 बुधवार-गुरुवार की देर रात उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद मुंबई एयरपोर्ट लौट आई। अधिकारियों ने बताया कि हवा में एक इंजन बंद होने पर पायलट ने रेडियो पर ‘PAN PAN’ कॉल दी, जिसके बाद फ्लाइट को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित लैंड कराया गया।

विमानन इमरजेंसी प्रोटोकॉल में यह कॉल ‘MAYDAY’ से एक स्तर नीचे मानी जाती है। इसका मतलब होता है कि स्थिति गंभीर है और तुरंत सहायता की जरूरत है, लेकिन तत्काल जानलेवा खतरे की स्थिति नहीं है।

टेकऑफ के दौरान असहज हुई स्थिति

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेकऑफ के दौरान तेज आवाज सुनाई दी और चिंगारी भी दिखीं। फ्लाइट को देर रात 2:05 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह करीब 2:30 बजे रवाना हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी गड़बड़ी महसूस हुई। यात्रियों ने भी टेकऑफ के दौरान कुछ असामान्य महसूस होने की बात कही।

अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग के बाद संबंधित विमान को आगे की उड़ान के लिए रोका गया और उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। बाद में इसकी जगह दूसरी फ्लाइट ने सुबह 4:45 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी।

‘PAN PAN’ क्या होता है?

विमानन आपातकालीन संचार में ‘PAN PAN’ ऐसी स्थिति को उजागर करता है, जिसमें विमान को तकनीकी या संचालन संबंधी गंभीर समस्या हो, लेकिन स्थिति तुरंत जानलेवा न हो। ऐसी कॉल के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल विमान को प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग क्लीयरेंस देता है और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *