Dhurandhar 2 Collection: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ यानी Dhurandhar 2 ने शाहरुख खान स्टारर फिल्म ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 97 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया। इससे पहले 2023 में आई ‘जवान’ ने पहले दिन 75 करोड़ रुपये कमाए थे।
‘धुरंधर 2’ ने पेड प्रीव्यू में 47 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे को मिलाकर फिल्म की कुल कमाई 144 करोड़ रुपये पहुंच गई। ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क के अनुसार, पहले वीकेंड के लिए 200 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। आम तौर पर 40-50% सीटें एडवांस बुक होती हैं। ऐसे में अनुमान है कि गुरुवार से रविवार तक फिल्म का बिजनेस 500 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।
पहले दिन के कलेक्शन का ऑल टाइम रिकॉर्ड– अनुमानित कलेक्शन (राशि करोड़ में)
धुरंधर-2 (2026)– ₹97
जवान (2023)– ₹75
पुष्पा 2: द रूल (2024)– ₹72
एनिमल (2023)– ₹63.80
पठान (2023)– ₹57
स्त्री-2 (2024)- ₹55.40
फिल्म 3 घंटे 49 मिनट लंबी है
फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ की अवधि 3 घंटे 49 मिनट है, जो इसे 21वीं सदी की दूसरी सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म बनाती है। इससे पहले 2003 में आई जेपी दत्ता की ‘एलओसी कारगिल’ 4 घंटे 15 मिनट के साथ सबसे लंबी फिल्म है। फिल्म का इंटरनेशनल वर्जन 3 घंटे 55 मिनट का है।
बता दें कि धुरंधर 2 में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन हैं। फिल्म को आदित्य धर ने लिखा, डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। इसके साथ ही ज्योति देशपांडे और लोकेश धर भी फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को जियो स्टूडियोज ने प्रेजेंट किया है और यह बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है।
धुरंधर को शानदार रिस्पॉन्स मिला था
गौरतलब है कि फिल्म धुरंधर के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनिया भर में करीब ₹1,303 करोड़ की कमाई की। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन ₹1,005.85 करोड़ रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग ₹836.95 करोड़ हुआ। इसके साथ ही यह भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी सिंगल-लैंग्वेज फिल्म बन गई।

