UP News: उत्तर प्रदेश में अब कोल्ड वेव चल रही है। कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गाजियाबाद, मेरठ और बरेली सहित 40 जिलों में कोहरा छाया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गाड़ियां रेंगती नजर आईं। ओस की बूंदें बारिश जैसी पड़ रही हैं। सर्द हवाओं से शिमला-मसूरी जैसा फील आ रहा है। बाइक चलाने पर हाथ सुन्न हो जा रहे हैं।
घने कोहरे के कारण ट्रेन और फ्लाइटें लेट चल रही हैं। गोरखपुर एयरपोर्ट से आठ और लखनऊ से 14 फ्लाइटें देरी से उड़ीं। काशी में 9 और लखनऊ में 4 फ्लाइटें कैंसिल रहीं। कानपुर रेलवे स्टेशन पर 38 और अयोध्या रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से पहुंचीं। सरकार भी अलर्ट मोड पर है। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है।
लोगों से बेवजह घरों से न निकलने की अपील
लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य तक जा सकती है। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर जैसी फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। 20 दिसंबर तक कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने वाला है। अगले 3 दिन कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है।
अगले दो दिनों तक मौसम
- 20 दिसंबर- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा रहेगा। दृश्यता 0 से 100 मीटर तक रह सकती है। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
- 21 दिसंबर- पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा पड़ सकता है। पूर्वी यूपी में भीषण कोहरा देखने को मिल सकता है। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
इन जिलों के स्कूलों में छुट्टी
यूपी में बरेली, कानपुर, फर्रुखाबाद, संभल, आगरा, कासगंज, औरैया और जौनपुर में स्कूल 20 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं।
यहां बदली गई स्कूल की टाइमिंग
- वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर, मथुरा, अयोध्या, आजमगढ़, मुरादाबाद में स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे।
- अलीगढ़- सुबह 10.00 से 3.00 बजे तक (8वीं तक के स्कूल)।
- सहारनपुर- सुबह 9.30 से दोपहर 2.30 बजे तक।
- झांसी- कोई बदलाव नहीं हुआ है।
- नोएडा- कोई बदलाव नहीं हुआ।
इन जिलों में अत्यधिक घना कोहरा (रेड अलर्ट)
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत के आसपास के इलाकों में।
घना से बहुत घना कोहरा (ऑरेंज अलर्ट)
प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर के आसपास के इलाकों में।
घना कोहरा (येलो अलर्ट)
हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, कासगंज, अमरोहा, संभल, बदायूं के आसपास के इलाकों में।

