Cold in UP: कोहरे में आठ गाड़ियां भिड़ीं, दो लोगों की मौत; 26 जिलों में कोल्ड-डे

Cold in UP: कोहरे में आठ गाड़ियां भिड़ीं, दो लोगों की मौत; 26 जिलों में कोल्ड-डे

UP News: उत्‍तर प्रदेश में गुरुवार सुबह वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, बरेली, मुरादाबाद और हाथरस सहित 30 जिले कोहरे के चपेट में हैं। कई जगह विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई। कोहरे के चलते सुबह प्रदेश में तीन हादसे हुए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज भी धूप निकलने की उम्मीद नहीं है।

बरेली में एक ट्रक ने चार युवकों को कुचल दिया, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। वहीं, वाराणसी में सुबह 8 बजे एक के बाद एक छह ट्रक आपस में भिड़ गए। रिंग रोड फेज-2 पर लंबा जाम लग गया। हाथरस में रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, कंडक्टर और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

8वीं तक स्कूल 14 तक बंद

प्रदेशभर में 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। बाकी बदले हुए समय (सुबह 10 बजे) खुल रहे हैं। शाहजहांपुर में 12वीं तक स्कूल 14 जनवरी, बरेली-अंबेडकरनगर, कन्नौज, चंदौली में 10 जनवरी और आगरा-मथुरा में आज यानी 8 जनवरी तक बंद हैं।

वहीं, सड़क, रेल और हवाई सफर बुरी तरह से प्रभावित है। प्रदेश में 50 ट्रेनें लेट हैं। आज लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल है। रियाद की फ्लाइट 2 घंटे देरी से आई। गोरखपुर समेत प्रदेश के तमाम एयरपोर्ट्स पर 10 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं।

दो दिनों के मौसम का पूर्वानुमान

9 जनवरी: पूर्वी यूपी में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। सर्द हवाओं से गलन बनी रहेगी।

10 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में फिर घने कोहरे के आसार हैं। विजिबिलिटी 20 से 100 मीटर रह सकती है। कुछ जगहों में बादल छाए रहेंगे। तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें

मौसम विभाग का कहना है कि अभी रातें और भी सर्द होंगी। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 9 से 11 जनवरी के बीच प्रदेश में ठंड और कोहरे से आंशिक राहत के संकेत हैं। यानी शुक्रवार से तीन दिनों तक दिन और रात के पारे में मामूली बढ़त आएगी। कोहरा हल्का होगा। 12 जनवरी से दोबारा पारे में गिरावट के साथ मौसम करवट लेगा।

इन जिलों में आज कोल्ड डे का अलर्ट

कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं व आसपास के इलाकों में कोल्ड डे की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *