बिहार जीत का जश्‍न, PM Modi बोले- कांग्रेस का एक और विभाजन संभव, बंगाल से भी जंगलराज उखाड़ फेंकेगी BJP

बिहार जीत का जश्‍न, PM Modi बोले- कांग्रेस का एक और विभाजन संभव, बंगाल से भी जंगलराज उखाड़ फेंकेगी BJP

Bihar Elections Winning Celebration in BJP Headquarters: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रचंड जीत पर शुक्रवार (14 नवंबर) को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जीत का जश्‍न मनाया गया। इस दौरान जश्‍न में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया। सारे कार्यकर्ताओं ने भी गमछा लहराया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी। उन्होंने छठी मईया के जयकारे भी लगाए। कहा कि जो छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वे बिहार की क्या इज्जत करेंगे। उन्‍होंने कहा कि यह उन युवाओं की जीत है, जिनका करिअर खराब किया गया था। आतंक के वे दिन अब इतिहास बन गए हैं। बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। यह यात्रा रुकने वाली नहीं है। यह परिणाम उन विकास विरोधियों को जवाब है, जो कहते थे कि बिहार को एक्सप्रेस वे, हाईवे, इंडस्ट्री, ट्रेन या एयरपोर्ट नहीं चाहिए। यह परिणाम वंशवाद की राजनीति को विकासवाद का जवाब है।

कांग्रेस-RJD ने छठी मईया से माफी नहीं मांगी

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों की इसमें बहुत बड़ी भूमिका रही है। जिन लोगों ने दशकों तक शासन किया, उन्होंने बिहार को बदनाम किया, नव बिहार के गौरव का अपमान किया। उन्होंने कभी यहां के लोगों की इज्जत नहीं की। जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वे बिहार की क्या इज्जत करेंगे। कांग्रेस और आरजेडी ने छठी मईया से माफी नहीं मांगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की आन-बान-शान हमारी प्राथमिकता है। हमारी सरकार छठ को यूनेस्को की हेरिटेज लिस्ट में शामिल कराने की कोशिश कर रही है। लक्ष्य है कि पूरी दुनिया इस संस्कृति से जुड़े।

लोकसभा के बाद कई राज्यों में प्रचंड जीत मिली | Bihar Elections Winning Celebration in BJP Headquarters

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब रेलवे स्टेशनों पर छठी मईया के गीत गूंजे, तो हर कोई इस पावन पर्व में शामिल हुआ। पिछले साल देश के लोगों ने लगातार तीसरी बार NDA को अपना जनादेश दिया। 60 साल बाद ऐसा मौका आया, जब किसी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का अवसर मिला। यह देशवासियों के आशीर्वाद का परिणाम था।

लोकसभा के बाद देश के कई विधानसभा चुनावों में हमें प्रचंड जीत मिली। हरियाणा में लगातार तीसरी बार सेवा का मौका मिला, जिसने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। महाराष्ट्र में प्रचंड जीत मिली। लगातार तीसरी बार महाराष्ट्र ने हमें विजयी बनाया। 25 साल बाद देश की राजनीति में बहुमत से जीत मिली। आज बिहार में, जहां इतनी बड़ी जनसंख्या गांवों में रहती है, वहां इतनी बड़ी संख्या में जीत मिली है।

देश के हर हिस्से में NDA पर विश्वास

पीएम मोदी ने कहा कि देश के हर हिस्से और हर परंपरा में NDA को लोग विश्वास और उम्मीद से देख रहे हैं। महानगरों से गांवों तक, टियर 2-3 शहरों तक, नारी शक्ति से लेकर पहली बार वोट देने वालों तक- सभी ने NDA को अपना आशीर्वाद दिया है और दे रहे हैं। हम बिहार को और देश को विकसित बनाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि जिस पार्टी ने दशकों तक देश पर राज किया, उस पर से जनता का विश्वास लगातार घट रहा है। कांग्रेस देश के कई राज्यों में सालों से सत्ता से बाहर है। बंगाल में 50 साल से कांग्रेस सत्ता में वापस नहीं आई है। कांग्रेस लगातार 3 लोकसभा चुनावों में 3 सीटों की संख्या तक भी नहीं पहुंच सकी है।

कांग्रेस का एक और विभाजन हो सकता है

पीएम ने कहा, कांग्रेस अब मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस, यानी MMC बन गई है। यही MMC है और इसका पूरा एजेंडा इसी पर चलता है। इसके भीतर एक अलग धड़ा पैदा हो रहा है, जो नेगेटिव पॉलिटिक्स से अलग हो रहा है। यह धड़ा नामदारों के खिलाफ है, और उनके प्रति घोर निराशा पनप रही है। आगे चलकर कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो सकता है। इसके सहयोगी दल भी अब समझने लगे हैं कि कांग्रेस अपनी निगेटिव राजनीति में सबको एक साथ डुबो रही है।

कांग्रेसी, सहयोगियों के वोट बैंक को निगल रही | Bihar Elections Winning Celebration in BJP Headquarters

पीएम ने कहा, बिहार चुनाव के दौरान मैंने कहा था कि कांग्रेस के नामदार तालाब में डुबकी लगाकर लगातार खुद डूबने और साथियों को डुबाने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने पहले भी इनके सहयोगियों को जताया था कि कांग्रेस ऐसी परजीवी है, जो अपने सहयोगियों के वोट बैंक को निगलकर वापसी करना चाहती है। इसलिए कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत इनको भी है।

बिहार में RJD को सांप सूंघा हुआ है। कांग्रेस-आरजेडी का झगड़ा बहुत जल्द खुलकर सामने आने वाला है। आज की यह विजय एक नई यात्रा की शुरुआत है। बिहार का भरोसा हमारे कंधों पर जिम्मेदारी बढ़ाने वाला है।

बिहार में निवेश और रोजगार की तेजी होगी

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 5 साल बिहार तेज गति से आगे बढ़ेगा। यहां नए उद्योग लगेंगे। यहां के नौजवानों को यहीं रोजगार मिले, इसके लिए काम होगा। निवेश ज्यादा नौकरियां लाएगा। यहां पर्यटन का विकास होगा। यहां का सामर्थ्य दुनिया को दिखेगा। आस्था के स्थानों, तीर्थस्थानों का कायाकल्प होगा।

उन्होंने कहा, मैं आज देश-दुनिया के निवेशकों से कहूंगा कि बिहार आपके स्वागत के लिए तैयार है। बिहार की संतान जो देश-दुनिया में हैं, वे यहां निवेश करें। मैं बिहार की एक-एक मां, युवा, किसान, गरीब परिवार से कहना चाहता हूं कि आपका भरोसा-मेरा प्रण है।

एनडीए की 202 सीटों पर रिकॉर्ड जीत

बिहार में आज NDA की सरकार बनी है। गठबंधन को 243 में 202 सीटों पर जीत हासिल हुई, जो रिकॉर्ड है। महागठबंधन के खाते सिर्फ 35 सीटें ही आईं। बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है। NDA में भाजपा और JDU ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अन्य सहयोगी पार्टियों LJP को 29 सीटें, HAM और RLM को 6-6 सीटें दी गई थीं। भाजपा ने 91 सीटों पर जीत हासिल की है। JDU 83, LJP 19, HAM और RLM की मिलाकर 9 सीटों हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *