Lucknow News: बहुजन समाज के महानायक, समाज सुधारक एवं बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि के मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं द्वारा मान्यवर कांशीराम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई। संगोष्ठी का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम प्रभारी श्री विजय बहादुर जी ने किया।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सामाजिक परिवर्तन प्रेरणा स्थल समता मूलकर चौराहे पहुंचकर कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, सांसद कुंवर दानिश अली, पूर्व सांसद, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री राजबहादुर एवं ओपी त्रिपाठी सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।
रैली से दलित समाज को गुमराह कर रहीं मायावती
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांशीराम जी दलितों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर जीवन भर संघर्ष करते रहे। बहन मायावती जी को आजतक कांशीराम जी की याद नहीं आई। अब जब बिहार चुनाव नजदीक है तो भाजपा के के कहने पर आज मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि रैली आयोजित कर दलित समाज को गुमराह कर वोट राजनीति कर रही हैं।
अजय राय ने कहा, आज की रैली से यह साबित हो गया है कि बहन कुमारी मायावती जी भाजपा की असली सदस्य हैं और आरएसएस की सहायिका हैं। आज जननायक श्री राहुल गांधी जी पूरे देश में दलितों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सदन से लेकर सड़क संघर्षरत कर रहे हैं। आज मान्यवर कांशीराम जी के अधूरे मिशन को हमारे नेता राहुल गांधी जी पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।
बृजलाल खाबरी ने भी साधा निशाना
वहीं, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कांशीराम जी के विचार हमारे अंदर समाहित हैं, वह पूरे जीवन कभी खत्म नहीं हो सकते। मगर, आज दुर्भाग्य इस बात का है कि जिन लोगों ने कांशीराम जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दिन रात मेहनत कर बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की गई थी, उनके आज न रहने पर उन लोगों को हाशिए पर रख दिया गया है।
इसके अलावा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांशीराम जी के जीवन और संघर्ष के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने शपथ ली थी कि दलितों, शोषितो और वंचितों को जगाने के लिए उन्हें जो भी करना पड़े वह करेंगे। कई बार इस मिशन के विरोध में उन्हें अपमानित भी किया गया परंतु वह अपने लक्ष्य से डिगे नहीं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का दूसरा नाम कांशीराम-कांशीराम।
आयोजित संगोष्ठी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बब्लू, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी एवं डॉ. शहजाद आलम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, मनोज यादव, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार राय, प्रो. श्रवण कुमार गुप्ता, प्रो. आरबी बौद्ध, आसिफ रिज़वी रिंकू, सिद्धि श्री, दयानंद दुसाध, अनामिका यादव, जैनब हैदर सहित भारी संख्या में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कांशीराम जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

