Bhoot Bangla OTT Release: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर अपना पुराना जलवा बिखेर रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ ने उनकी कामयाबी के सफर को और बुलंदियों पर पहुंचा दिया है। सिनेमाघरों में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के आने के बाद रिलीज हुई अक्षय कुमार की इस फिल्म ने दर्शकों को न सिर्फ अपनी तरफ आकर्षित किया, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त रौनक बनाए रखी। बड़े पर्दे पर दर्शकों को डराने और हंसाने के बाद, अब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अब ओटीटी पर मचेगा धमाल
बड़े पर्दे पर अपनी सफलता का परचम लहराने के बाद अब इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म के ओटीटी रिलीज की खबरें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, यह फिल्म आगामी 12 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि फिल्म के पोस्ट-थिएट्रिकल स्ट्रीमिंग राइट्स पहले ही नेटफ्लिक्स ने भारी भरकम कीमत में खरीद लिए थे। हालांकि फिल्म के मेकर्स या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की तरफ से इस डिजिटल रिलीज की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन फैंस अभी से इसे घर बैठे देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
दिग्गजों से सजी ‘भूत बंगला‘ की शानदार स्टार कास्ट
इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म की सफलता के पीछे इसकी दमदार स्टार कास्ट का भी बहुत बड़ा हाथ है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ मुख्य भूमिका में वामिका गब्बी नजर आई हैं, जिनके अभिनय को काफी सराहा जा रहा है। उनके अलावा, फिल्म में तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, जिस्सू सेनगुप्ता, मिथिला पालकर, राजेश शर्मा, मनोज जोशी और दिवंगत अभिनेता असरानी जैसे बेहतरीन कलाकारों की एक लंबी-चौड़ी फौज मौजूद है। प्रियदर्शन की फिल्मों की जान माने जाने वाले राजपाल यादव और परेश रावल की कॉमिक टाइमिंग ने एक बार फिर दर्शकों को लोटपोट कर दिया। इस बड़े प्रोजेक्ट को खुद अक्षय कुमार, एकता कपूर और शोभा कपूर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

