Ayodhya: CM योगी ने निषाद-वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ मनाई दिवाली, बच्चों को बांटे उपहार

Ayodhya: CM योगी ने निषाद-वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ मनाई दिवाली, बच्चों को बांटे उपहार

CM Yogi Diwali Celebration in Ayodhya: रामनगरी में दीपोत्सव के अगले दिन यानी सोमवार (20 अक्‍टूबर) मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ सरयू अतिथि ग्रह से सीधे हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए गए। हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद उन्होंने रामलला के दर्शन किए। रामलला के दर्शन करने के बाद वह वाल्मिकी समाज के लोगों से मिलकर उनके साथ दिवाली मनाएंगे।  इसके बाद सीएम ने कंधरपुर में निषाद बस्ती में निषाद समाज के लोगों से मुलाकात की और उपहार बांटे। सीएम योगी ने यहां वाल्मिकी और निषाद समाज के लोगों को उनके कार्यों के लिए विशेष तौर पर बधाई दी।

इसके बाद मुख्‍यमंत्री ने अयोध्या में दिगंबर अखाड़ा बड़ा भक्तमाल और मणिरामदास छावनी गए। कारसेवकपुरम में संतों के साथ मुलाकात करने के बाद जलपान किया। सीएम ने उसके बाद रामकथा पार्क पर सफाई कर्मचारी एवं नविकों के मध्य समय बिताया और मिष्ठान वितरण किया।

मलिन बस्ती भी गए सीएम योगी | CM Yogi Diwali Celebration in Ayodhya 

सीएम योगी ने  देवकाली वार्ड के मातगैड स्थित मलिन बस्ती में एससी समाज के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बस्ती के निवासियों को रामलला के प्रसाद और दीपावली के उपहार का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने मलिन बस्ती में आयोजित दीपावली उत्सव के दौरान भारत माता की जय, जय श्री राम और हनुमान जी महाराज की जय के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि आज दीपावली के अवसर पर मैं अयोध्या की इस मलिन बस्ती में आया हूं। सभी बहनों और भाइयों को दीपावली की बधाई है। प्रदेश सरकार की ओर से दीपावली के मौके पर मिष्ठान वितरण के उद्देश्य से यहां आना हुआ है। आप सभी के लिए दीपावली का पर्व मंगलमय हो।

सीएम योगी ने दिया स्‍वच्‍छता का संदेश | CM Yogi Diwali Celebration in Ayodhya 

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि दीपावली के पर्व पर उत्साह और उमंग आपके बीच में निरंतर बना रहे, इसी कामना के साथ यहां आया हूं। आपका मोहल्ला बहुत साफ सुथरा है, यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भारतवासी को स्वच्छता के प्रति आग्रही बनने का संदेश दिया है। हम यदि स्वच्छ रहेंगे, तभी स्वस्थ रहेंगे। जो पूरे नगर को साफ करते हैं, उनका मोहल्ला ही साफ न हो तो लोग स्वाभाविक रूप से प्रश्न करेंगे लेकिन आपने अपनी बस्ती को साफ रखा है, इसके लिए आप सभी को बधाई है। उन्होंने कहा कि दीपावली या कोई भी पर्व त्यौहार उत्साह और उमंग का होता है। यह तब होता है, जब हम मिलकर उसे मनाते हैं। यह आयोजन उसी का प्रतीक है।

सूबे के मुखिया ने बताया कि वह हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करने के बाद यहां पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मलिन बस्ती के परिवार के सदस्यों को रामलला का प्रसाद और दीपावली का उपहार वितरित किया। मलिन बस्ती में आयोजित दीपावली उत्सव में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

अयोध्‍या में नौवीं बार दीपोत्‍सव 

दीपोत्सव में रामनगरी ने लगातार नौवीं बार अपना ही कीर्तिमान तोड़ दिया। भगवान राम के अयोध्या लौटने पर राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 29 लाख 25 हजार 051 दीये जगमगा उठे। इनमें से 26 लाख 17 हजार 215 दीयों के अनवरत प्रज्ज्वलित होने का विश्व रिकॉर्ड बना। गणना के बाद गिनीज बुक की टीम ने इस वैश्विक उपलब्धि की घोषणा की। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, संत-धर्माचार्य व पोलैंड से आए विदेशी मेहमान इस पल के साक्षी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *