Atal Pension Yojna: अटल पेंशन योजना की शुरुआत साल 2015 में की गई थी. इस योजना का मकसद उन लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देना है, जो निजी नौकरी, असंगठित क्षेत्र या छोटे कामों से जुड़े हैं और जिनके पास रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का कोई मजबूत जरिया नहीं होता है. इस योजना के तहत व्यक्ति को कामकाजी उम्र में थोड़ा-थोड़ा निवेश करना होता है, ताकि 60 साल की उम्र के बाद उसे हर महीने पेंशन मिल सके. हालांकि यह योजना काफी फायदेमंद है, लेकिन यह हर किसी के लिए नहीं है. सरकार ने इसके लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की हैं. अगर कोई व्यक्ति इन शर्तों को पूरा नहीं करता, तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिल पाता है. तो आइए जानते हैं कि किन लोगों को अटल पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलता और इसके पीछे क्या वजह है.
किन लोगों को नहीं मिल सकता अटल पेंशन योजना का लाभ
-
तय उम्र सीमा से बाहर के लोग – अटल पेंशन योजना से जुड़ने के लिए उम्र की एक निश्चित सीमा तय की गई है. अगर आपकी उम्र 18 साल से कम है या फिर आपकी उम्र 40 साल से ज्यादा है तो आप इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं, सरकार का मानना है कि इस योजना में कम से कम 20 साल तक निवेश जरूरी है. इसलिए यह योजना सिर्फ उन्हीं लोगों के लिए बनाई गई है, जो 18 से 40 साल की उम्र के बीच नियमित रूप से योगदान कर सकते हैं. तय उम्र सीमा से बाहर होने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाता है.
-
इनकम टैक्स भरने वाले लोग – अगर आप इनकम टैक्स के दायरे में आते हैं, यानी आप टैक्स भरते हैं, तो आपको अटल पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इसकी वजह यह है कि सरकार ने यह योजना खास तौर पर कम आय वाले लोगों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए शुरू की है. ऐसे लोग आमतौर पर टैक्स नहीं भरते और उनके पास भविष्य के लिए कोई पेंशन सुविधा नहीं होती, इसलिए टैक्सपेयर्स को इस योजना से बाहर रखा गया है.
-
जिनके पास बैंक खाता नहीं है – अटल पेंशन योजना पूरी तरह से बैंक खाते से जुड़ी हुई योजना है. अगर आपके पास बैंक खाता नहीं है या बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है तो आप इस योजना से नहीं जुड़ सकते, हर महीने का योगदान सीधे बैंक खाते से कटता है और पेंशन भी उसी खाते में आती है. इसलिए बैंक खाता होना जरूरी शर्त है.
-
जो भारत के नागरिक नहीं हैं – अटल पेंशन योजना का लाभ सिर्फ भारतीय नागरिकों को ही दिया जाता है. अगर कोई व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, तो वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकता है.
अटल पेंशन योजना में क्या मिलता है?
जो लोग इस योजना के लिए पात्र होते हैं, उन्हें 60 साल की उम्र के बाद हर महीने तय पेंशन मिलती है. इसमें पेंशन के पांच विकल्प होते हैं. जिसमें 1000 प्रति माह, 2000 प्रति माह, 3000 प्रति माह, 4000 प्रति माह और 5000 प्रति माह शामिल है. आप अपनी जरूरत और क्षमता के हिसाब से कोई भी पेंशन प्लान चुन सकते हैं.
निवेश कितना करना होता है?
इस योजना में निवेश की रकम आपकी उम्र और चुनी गई पेंशन पर निर्भर करती है. अगर कोई व्यक्ति 18 साल की उम्र में जुड़ता है और 5000 की पेंशन चाहता है, तो उसे लगभग 210 प्रति माह निवेश करना होता है. वहीं अगर कोई व्यक्ति 30 साल की उम्र में इस योजना से जुड़ता है, तो उसे 5000 की पेंशन के लिए करीब 577 प्रति माह जमा करने होते हैं. जितनी जल्दी आप इस योजना से जुड़ते हैं, उतना ही कम निवेश करना पड़ता है.

