UP News: प्रयागराज माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ जो कुछ हुआ और UGC के रेगुलेशन के खिलाफ बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब रविवार को अग्निहोत्री वाराणसी स्थित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के मठ पहुंचे, जहां उन्होंने शंकराचार्य से मुलाकात कर वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों, विशेष रूप से एससी-एसटी एक्ट और प्रस्तावित यूजीसी रेगुलेशन को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई एक घटना के बाद दोनों के बीच बातचीत हुई थी। स्वामी जी ने उन्हें प्रयागराज बुलाया था, लेकिन अग्निहोत्री तब वाराणसी के लिए रवाना हो चुके थे। अब यह मुलाकात बरेली में संपन्न हुई है।
यूजीसी के नए नियम से सरकार की असलियत उजागर
मीडिया से बात करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, सन् 1989 में लागू हुआ एससी-एसटी एक्ट देश का सबसे काला कानून था और अब यूजीसी के नए नियम सरकार की असलियत उजागर कर रहे हैं। अग्निहोत्री ने दावा किया कि जनता में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है और उसका कोर वोटर उससे दूर होता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एससी-एसटी कानून से 85% लोग प्रभावित हैं और 95% मामले फर्जी दर्ज होते हैं।
उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 06 फरवरी, 2026 तक संबंधित कानून वापस नहीं लिए गए, तो 07 फरवरी को देशव्यापी महाआंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन के तहत दिल्ली कूच किया जाएगा और आम जनता से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की जाएगी।

