Akhilesh Yadav: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर में भाजपा वाले मुस्लिम भाइयों के कागज ढुंढवा रहे थे। अब वे डाटा देख रहे हैं तो हिंदू भाई ज्यादा कागज ढूंढ रहे हैं। भाजपा ने हिंदुओं पर संकट पैदा कर दिया है। याद रहे अगर वोटर लिस्ट में नाम है, तभी भारत के नागरिक हैं। भाजपा ने नोटिस देकर तमाम हिंदू भाइयों के वोट कटवा दिए हैं। अखिलेश ने उन्नाव और कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार ने शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा लगवा दिया। जिसने झूठा मुकदमा कराया है, उसके भाजपा नेताओं से संबंध हैं। उसकी फोटो भाजपा के कई नेताओं के साथ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र सभी ने देखा है। जो भाजपा के खिलाफ बोलेगा, उसकी आवाज बंद करने के लिए अधिकारियों के माध्यम से न जाने क्या-क्या कराते हैं। राजनीतिक विरोध करने पर भी अधिकारियों के माध्यम से झूठे मुकदमे लगवाते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से हमारा गठबंधन, इंडिया गठबंधन है, जो आगे भी रहेगा। भाजपा ने हरियाणा में सबसे बड़ा स्लॉटर हाउस खुलवाए हैं। अगर भाजपा सरकार में शामिल ओबीसी, एससी-एसटी के मंत्रियों को लग रहा है कि इनके साथ भेदभाव हो रहा है तो सरकार छोड़ कर चले आएं।
भाजपा को खुश कर देने वालों के यहां नहीं पड़ता छापा
बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के यहां इनकम टैक्स के छापे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि उमाशंकर सिंह विधायक हैं, उनके घर छापा पड़ा। वह कारोबारी हैं और उनकी मदद होनी चाहिए। जो भाजपा को खुश कर देता है, उस पर छापा नहीं पड़ता है। उमा शंकर के यहां छापा इसलिए पड़ा, क्योंकि कुछ लोग जापान गए हैं। अगर जापान न जाते तो सूचना लीक हो जाती और छापा नहीं पड़ता।

