Akhilesh Yadav ने दी रक्षाबंधन की बधाई, भाजपा सरकार पर साधा निशाना  

Akhilesh Yadav ने दी रक्षाबंधन की बधाई, भाजपा सरकार पर साधा निशाना  

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शनिवार को रक्षाबंधन की बधाई और अगस्त क्रान्ति के स्वतंत्रता सेनानियों का अभिनंदन करते हुए सभी देशवासियों को बधाई दी है। उन्‍होंने आज सैफई में बड़ी संख्या में आई तमाम बहनों की राखियां स्वीकार कीं। उन्होंने इस पर्व पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि रिश्तों के बंधन सामूहिकता और परस्पर सद्भावना और सौहार्द को बढ़ाते है। उन्होंने कहा कि आस्थाओं से जीवन में सकारात्मकता आती है और आंतरिक ऊर्जा भी। मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने भी सभी को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।

अखिलेश यादव ने इस अवसर पर पत्रकारों से वार्ता में कहा कि हमने डीजीपी और सरकार से न जाने कितनी बार मांग की है कि टापटेन अपराधियों की सूची दे दें। जब तक सरकार की सूची नहीं आती तो असली माफिया अगर कोई है तो वह सरकार है, जो माफियाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा भारतीयों को मौका मिला है कि अपना उद्योग एवं कारोबार अपने हाथ में ले लें। जिस समय देश का उद्योग और कारोबार अपने आप बढ़ेगा तो अमेरिका जैसा देश या कोई देश धमकी नहीं दे सकेगा।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा सरकार को देश के उद्योगपतियों पर भरोसा नहीं रहा है। अमेरिका धमकी दे रहा है, हमारे ऊपर प्रतिबंध लगा रहा है। चीन पड़ोसी देश है, उनसे संबंध खराब चल रहे हैं। उसने हमारी जमीन और व्यापार दोनों छीना है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने अपने 10 साल के शासन में किसानों, नौजवानों, कारोवारियों पर भरोसा किया होता तो आज तस्वीर कुछ और होती। उसके मेक इन इण्डिया जैसे नारे पता नहीं किसके लिए हैं।

अखिलेश यादव ने काकोरी ट्रेन ऐक्शन की वर्षगांठ पर सभी वीर क्रान्तिकारियों को कोटिश: नमन करते हुए भारत में ब्रिटिश शासन की पूर्ण समाप्ति के लिए 09 अगस्त, 1942 अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में अगस्त क्रान्ति दिवस पर देश की आजादी के लिए पूर्ण समर्पित एवं सर्वस्व बलिदान करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है और उनको श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं। आज लखनऊ में भी सपा के राज्य मुख्यालय में पार्टी की सैकड़ों महिला कार्यकर्तियां मुख्यालय में राखी लेकर आई। राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने सबको सम्मानित किया। कल भी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को बड़ी संख्या में पार्टी की महिला कार्यकर्तियों ने राखी बांधी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *