कानपुर गैंगरेप पीड़िता के घर पहुंचे अजय राय, पिता से बोले- कांग्रेस आपके साथ खड़ी है

कानपुर गैंगरेप पीड़िता के घर पहुंचे अजय राय, पिता से बोले- कांग्रेस आपके साथ खड़ी है

Kanpur Gangrape Case Update: यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज (14 जनवरी) को अचानक कानपुर पहुंचे। यहां उन्‍होंने सचेंडी में गैंगरेप पीड़िता के घर पहुंचकर उनसे बात की। अजय राय ने पीड़िता के पिता के कंधे पर हाथ रखकर भरोसा दिया कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

इस दौरान अजय राय ने कहा कि 14 वर्षीय लड़की के साथ एक दरोगा ने दुष्‍कर्म किया। उसके बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा को भागने का मौका दिया। पुलिस का आदमी है, कहां भाग कर जाएगा। पुलिस ही आरोपी दरोगा को बचा रही है। पुलिस ने हमारे आने से पहले पीड़ित बिटिया को हटा दिया। पुलिस जबरदस्ती बिटिया को ले गई। कहीं बिठा रखा है। सरकार क्या छिपाना चाह रही है।

योगी सरकार में कानून व्‍यवस्‍था ध्‍वस्‍त

उधर, पिता ने कहा कि सुबह करीब 9 बजे थाने से पुलिस आई। कोर्ट में बयान कराने कि बात कहकर बिटिया को लेकर गई। उसका भाई भी साथ में गया। अजय राय ने कहा कि केवल दिखावे के लिए आरोपी पर इनाम घोषित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ये रक्षक अब पूरी तरह भक्षक बन गए हैं। योगी सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा- सोचिए, आज प्रदेश की कानून व्यवस्था कहां चली गई है। इस पीड़ित परिवार का मकान आप देख लीजिए, न घर है, न खेत है। गांव में न सड़क है, न बिजली है। मैं सरकार से मांग करता हूं कि पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। पीड़िता का घर बनवाया जाए। जमीन दी जाए।

दरोगा के घर बुलडोजर कब चलेगा? | Kanpur Gangrape Case Update

अजय राय ने कहा, बिटिया को सरकार न्याय दे। दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी हो। सरकार दरोगा को संरक्षण दे रही है। बुलडोजर एक्शन हो, दरोगा के घर बुलडोजर कब चलेगा। कोडीन कफ सिरप वालों के घर बुलडोजर कब चलेगा। सभी आरोपियों के घर बुलडोजर चल रहा है तो ये क्यों बचे हैं।

दरोगा की चिट्ठी पर बरसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य ने मुख्यमंत्री और कानपुर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। इस पर अजय राय ने कहा, जब आरोपी खुद इस मामले में सफाई दे रहा है, तो इससे साफ है कि सरकार और प्रशासन उसे बचाने में लगे हैं। फिलहाल पीड़िता को पुलिस घर से लेकर गई है। पीड़िता का भाई घर पर मौजूद नहीं है, जबकि पिता घर पर ही मौजूद हैं।

CM ने नाराजगी जताई, दरोगा की तलाश, एक आरोपी अरेस्ट | Kanpur Gangrape Case Update

इस घटना का मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने संज्ञान लिया है। अफसरों को फटकार लगाई है। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जल्द से जल्द आरोपी दरोगा को अरेस्ट करके जेल भेजा जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। एक आरोपी शिवबरन अरेस्ट किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *