राहुल गांधी के जर्मनी दौरे का VIDEO जारी, BJP पर लगाया संविधान खत्म करने की साजिश रचने का आरोप

राहुल गांधी के जर्मनी दौरे का VIDEO जारी, BJP पर लगाया संविधान खत्म करने की साजिश रचने का आरोप

Rahul Gandhi Germany Video: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भारतीय संविधान को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी संविधान की उस मूल भावना को खत्म करना चाहती है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देती है। दरअसल, राहुल गांधी 17 से 19 दिसंबर तक जर्मनी दौरे पर थे। इस दौरान 18 दिसंबर को उन्होंने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित किया था। कांग्रेस ने सोमवार रात इस बातचीत का एक घंटे लंबा वीडियो जारी किया।

वीडियो में कांग्रेस सांसद ने कहा, बीजेपी राज्यों की समानता, भाषाओं की समानता और धर्मों की समानता के विचार को खत्म करने की बात कर रही है। बीजेपी ने देश की संस्थाओं पर भी पूरा कब्जा कर लिया है। उन्‍होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही हैं। CBI और ED जैसी एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। एजेंसियां सिर्फ विपक्षी नेताओं पर केस दर्ज कर रही हैं, भाजपा नेताओं पर कोई दर्ज नहीं किया जाता। हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे, हम उनके भारतीय संस्थागत ढांचे और एजेंसियों पर कब्जे के खिलाफ भी लड़ रहे हैं।

महाराष्‍ट्र चुनाव भी निष्‍पक्ष नहीं थे | Rahul Gandhi Germany Video

राहुल गांधी ने कहा, हमने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनाव जीते हैं। हमने हरियाणा का चुनाव भी जीता, इसमें कोई शक नहीं है। मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया कि एक ब्राजील की महिला हरियाणा की वोटर लिस्ट में थी। जब हमने यह प्रश्न चुनाव आयोग से पूछे तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। हमें लगता है कि महाराष्ट्र के चुनाव भी निष्पक्ष नहीं थे।

उन्‍होंने कहा कि हम इस समय देश और दुनिया में बड़े बदलाव से गुजर रहे हैं। पहले भारत को अमेरिका के प्रभुत्व वाली दुनिया से फायदा हुआ, जहां अमेरिका दुनिया के नियम बनाता था, भले इसमें कुछ गलतियां थीं। अब अमेरिका की ताकत सेना, अर्थव्यवस्था और वित्त संबंधी मामलों में चुनौती का सामना कर रही है। साथ ही अमेरिका के अपने अंदर भी कई समस्याएं हैं।

छोटे और मध्‍यम उद्योगों को नोटबंदी और GST से नुकसान

एक बड़ी चुनौती यह है कि उत्पादन का काम ज्यादातर चीन के हाथ में चला गया है। इसके कारण भारत, अमेरिका या जर्मनी जैसे देश केवल सर्विस सेक्टर से बड़े पैमाने पर रोजगार नहीं पैदा कर सकते। मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन बहुत जरूरी हैं, लेकिन अब यह क्षेत्र चीन के पास ज्यादा है। भारत में बड़े पैमाने पर रोजगार केवल मैन्युफैक्चरिंग से ही पैदा हो सकते हैं। बीजेपी ने कुछ बड़े बिजनेस ग्रुप्स जैसे अडानी और अंबानी पर ज्यादा ध्यान देकर इसे रोक दिया है, जो उत्पादन की बजाय व्यापार पर जोर देते हैं। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को नोटबंदी और GST जैसी नीतियों से नुकसान हुआ।

उन्‍होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह भारत के दो दृष्टिकोणों के बीच संघर्ष है। एक दृष्टिकोण एक सशक्त नेता (BJP और RSS) के शासन में विश्वास करता है, जबकि दूसरा मानता है कि भारत को बातचीत, सहमति और अपने विविध राज्यों और संस्कृतियों की आवाजों के माध्यम से चलाया जाना चाहिए। भारत इतना बड़ा और विविध देश है कि इसका भविष्य केवल एक व्यक्ति तय नहीं कर सकता। हमारा संविधान इसे राज्यों का संघ मानता है, जहां सभी की राय सुननी चाहिए। लेकिन नई सरकार (BJP) इस पर चर्चा नहीं करना चाहती।

भाजपा बोली- राहुल गांधी की कांग्रेस अराजकता चाहती है | Rahul Gandhi Germany Video

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने मंगलवार को उन पर तीखा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल और कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र में अराजकता और अशांति फैलाना चाहते हैं।

प्रदीप भंडारी ने X पर लिखा, ‘राहुल गांधी कहते हैं कि लोग आपस में लड़ेंगे, भारत असफल हो जाएगा। क्या भारत से प्रेम करने वाला कोई व्यक्ति भारत को असफल होते देखना चाहेगा? राहुल की कांग्रेस, अपने वैचारिक संरक्षक जॉर्ज सोरोस के साथ, भारतीय लोकतंत्र में अराजकता और अशांति चाहती है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *