BJP में 20 से नबीन युग की शुरुआत तय, चुनावी अधिसूचना जारी

BJP में 20 से नबीन युग की शुरुआत तय, चुनावी अधिसूचना जारी

BJP News: नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए भाजपा का लंबा इंतजार 20 जनवरी को खत्म हो जाएगा। दरअसल पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण ने शुक्रवार को 5,708 सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल की सूची जारी करने के साथ ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक इस पद के लिए 19 जनवरी को नामांकन होगा और 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। गौरतलब है कि बीते महीने कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय है।

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 19 जनवरी को दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। उसी दिन शाम चार से पांच बजे तक नामांकन की जांच होगी फिर इसके तत्काल बाद शाम पांच से छह बजे के बीच नामांकन वापस लिया जा सकेगा। एक से अधिक नामांकन की स्थिति में 20 जनवरी को ही मतगणना के बाद  नए अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

पार्टी इतिहास में कभी नहीं आई मतदान की नौबत

अध्यक्ष पद पर कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन के नाम की घोषणा हुई तो वह अब तक के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष होंगे, जिसे पार्टी में पीढ़ी परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल पार्टी के इतिहास में एक बार भी मतदान की नौबत नहीं आई है। सबसे कम उम्र के भावी अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचन के जरिये बड़ा सियासी संदेश देने के लिए पार्टीशासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री शाह समेत पार्टी के दिग्गज नबीन के प्रस्तावक होंगे।

क्या हैं नियम?

अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सबसे पहले 50 फीसदी राज्यों में संगठन चुनाव आवश्यक है। इस प्रक्रिया की पूरी होने के बाद निर्वाचक मंडल तैयार होता है, जिसमें राष्ट्रीय परिषद और प्रदेश परिषद के सदस्य शामिल होते हैं, जो एक से अधिक उम्मीदवार होने की स्थिति में मतदान करते हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को कम से कम 15 वर्षों तक पार्टी का सदस्य होना अनिवार्य है। नामांकन के लिए उम्मीदवार को निर्वाचक मंडल के कम से कम 20 सदस्यों का समर्थन अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *