Lucknow News: केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह के तीन दिवसीय राजधानी दौरे का शुक्रवार (16 अक्टूबर) को दूसरा दिन है। आज जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित राम-राम बैंक चौराहे पर आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मां दुर्गा भारत को फिर से विश्व गुरु के पद पर आसीन होने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी है। पहले दुनिया भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन अब पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है कि भारत क्या कह रहा है।
भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय जगत में उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि देश को इतनी शक्ति और सामर्थ्य मिले कि भारत एक बार फिर विश्व गुरु के पद पर आसीन हो सके। उन्होंने कहा कि देश को मिली यह ताकत और ऊंचाई मां दुर्गा के आशीर्वाद का परिणाम है।
नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। यह पर्व शक्ति और आस्था का प्रतीक है। रक्षा मंत्री ने दुर्गा पूजा आयोजन समिति की ओर से हर साल आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सराहना की।
समिति संयोजक के आयोजन को सराहा
राजनाथ सिंह ने समिति के संयोजक सौरभ बंद्योपाध्याय को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ में इतने बड़े स्तर पर दुर्गा पूजा का आयोजन करना सराहनीय है। आयोजकों की ओर से मौजूदा स्थान पर भविष्य में आयोजन नहीं कर पाने की आशंका जताए जाने पर राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया कि यदि यह जगह उपलब्ध नहीं रहती है, तो लखनऊ में ही दूसरी जगह उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संभव है कि आयोजकों को इससे भी बड़ा स्थान मिल जाए, जहां पहले से अधिक भव्य आयोजन किया जा सके। राजनाथ सिंह ने कहा कि वह धार्मिक आयोजनों में आमतौर पर भाषण नहीं देते, क्योंकि ऐसे अवसरों पर उनका ध्यान देवी-देवताओं की आराधना पर रहता है। उन्होंने एक बार फिर सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए अपना संबोधन समाप्त किया।
