PDA ‘रथ’ लेकर रायबरेली पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- इस बार चुनाव लोधी बनाम योगी

PDA 'रथ' लेकर रायबरेली पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- इस बार चुनाव लोधी बनाम योगी

Akhilesh Yadav in Raebareli: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गुरुवार (24 सितंबर) को अपना PDA रथ उतार दिया। उन्होंने रायबरेली में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “ये PDA का तूफान है। PDA की लहर चल रही है। रायबरेली में ऐसा लग रहा है कि यह PDA बनाम BJP तो है ही, इस चुनाव में ‘लोधी बनाम योगी’ भी हो सकता है।”

इस बार जनता के वोट का बुलडोजर इनके ऊपर चलने वाला है। यह वोट का बुलडोजर इन्हें हमेशा-हमेशा के लिए ढहा देगा। न केवल हराएगा, बल्कि ऐसी नकारात्मक राजनीति करने वालों को हमेशा-हमेशा के लिए मिटाने का काम करेंगे।

हम आरक्षण को बचाने के लिए खड़े हैं

अखिलेश यादव ने कहा कि यह जो प्रभुत्ववादी लोग हैं, जो अपने आप को ताकतवर समझ रहे हैं, जो वर्चस्ववादी लोग हैं, उनसे कोई लड़ाई अभी की नहीं है। हजारों साल पुरानी है। हम निर्बल और कमजोर लोगों के साथ हैं। हम आरक्षण को बचाने के लिए खड़े हैं। हम हिंदुस्तानियत को बचाने के लिए खड़े हैं। ये लोग संविधान, कानून को नहीं मानते। भाजपा वाले नकली हिंदू हैं।

इससे पहले अखिलेश कार से लखनऊ के निगोहा पहुंचे। वहां से रथ पर सवार होकर 50 किमी दूर रायबरेली के GIC मैदान जनसभा की। अखिलेश के स्वागत के लिए पहली बार उनकी रैली में 2 क्रेन मंगाई गईं। इससे 21 किलो की माला पहनाई गई।

अखिलेश यादव के भाषण की बड़ी बातें

PDA रथ पर: रथ भारतीय संस्कृति में कुरुक्षेत्र का प्रतीक रहा है। भगवान कृष्ण ने भी रथ के माध्यम से गीता का ज्ञान दिया था। इसी रथ के माध्यम से ऐलान करता हूं कि जो पीड़ित हैं, वही पीडीए हैं।

2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र: इस बार के चुनाव में परेशान करने वाले और लोगों को प्रताड़ित करने वाले बचने वाले नहीं हैं। 2024 में हराया था, अब 2027 में फिर हराएंगे। इस बार उन्हें और दूर भगाया जाएगा और समाज में भेदभाव को दूर करने का काम किया जाएगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: अयोध्या में करोड़ों आस्थावान लोग श्रद्धा से चढ़ावा चढ़ाते हैं। वहां चोरी के मामले सामने आए हैं। सीसीटीवी में भी चोरी करने वाले पकड़े गए हैं।

इलेक्शन कमीशन पर: इनका पूरा का पूरा भेद खुल गया और कठपुतली बन करके काम कर रहे हैं। इतना घटिया काम कभी लोकतंत्र में नहीं हुआ होगा, जो इस चुनाव आयोग ने किया है। यह जांच होनी चाहिए कि चुनाव आयोग किसके इशारे पर काम कर रहा था। देश की जनता को यह जानने का अधिकार है।

एक्सप्रेस-वे में भ्रष्टाचार: ये (भाजपावाले) कहते हैं कि भ्रष्टाचार पहले था। मैं कहना चाहता हूं कि जब भी मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेस-वे पर मत जाना। रफ्तार से चलोगे तो कूदते हुए जाओगे।

कानपुर में 63 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे 4,700 करोड़ रुपए में बनाया गया। उद्घाटन के बाद ही उसमें गड्ढे हो गए और सड़क टूट गई। जिन्होंने इसे बनाया, वे बीजेपी के लोग निकले। कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। अगर उस पर तेज चलोगे तो कमर टूट जाएगी और पेट में दर्द हो जाएगा।

रायबरेली में पोस्टरवार पर: आज मेरे घर से निकलते ही रंग बदलने वालों ने पोस्टर लगवा दिए थे। इस धरती पर सबसे पहले रंग बदलने वाले प्रशासन के लोग होते हैं। इनका कानून-नियम से कोई लेना-देना नहीं है। जिन्होंने कानून का पालन नहीं किया है, मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि सरकार बनते ही उन्हें सजा मिलेगी।

भेदभाव का आरोप: एक तरफ पीड़ित हैं और दूसरी तरफ उन्हें प्रताड़ित करने वाले लोग हैं। ये समाज को बांटते हैं और भेदभाव करते हैं। ये लोग गंगाजल से घर और मंदिर धुलवाते हैं। अगर PDA के लोग वहां जाते हैं तो उनके साथ भेदभाव किया जाता है। PDA के लोग संविधान को बचाने के लिए खड़े हैं। कानून और लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े हैं।

विधायक राहुल लोधी के आवास पर पहुंचे

जनसभा के बाद अखिलेश सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पर जाएंगे। यहां समाजवादी छात्रसभा के उन कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जिनकी 17 सितंबर को ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस से झड़प हुई थी।

रास्ते में उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन किया। गदा लहराई। रथ के साथ-साथ करीब 2-3 हजार से कार्यकर्ता मौजूद रहे। 200 गाड़ियां भी साथ चलीं। कार्यकर्ता DJ पर डांस और नारेबाजी करते हुए रथ के साथ चले। रथ यात्रा के चलते लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर जाम लग गया। इसमें योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह का काफिला फंस गया।

अखिलेश के खिलाफ भी पोस्‍टर लगे

इधर, रथयात्रा से पहले रायबरेली में अखिलेश के खिलाफ पोस्टर लगाए। इनमें अखिलेश के साथ आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें छपी हैं। लिखा है- ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’, ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *