UP News: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को हुआ स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन में

UP News: यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू (H1N1) हो गया है। मंत्री को पिछले चार-पांच दिन से बुखार था। जांच में उनकी रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है। उन्हें लखनऊ स्थिति उनके सरकारी आवास में आइसोलेशन में रखा गया है। बुधवार सुबह KGMU के डॉक्टरों की टीम उनके घर पहुंची। टीम ने जांच की और फिलहाल घर पर ही इलाज करने की हिदायत दी। उनकी कंडीशन स्टेबल बताई जा रही है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों और स्टॉफ के सदस्यों की भी जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे है। इससे पहले मंगलवार सुबह मंत्री जयवीर सिंह ने KGMU की पैथोलॉजी में सैंपल स्वाइन फ्लू की जांच के लिए दिए थे।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद किया आइसोलेट

KGMU प्रवक्ता डॉ.केके सिंह ने बताया कि मंत्री जयवीर सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें घर में आइसोलेट किया गया है। फिलहाल उनकी कंडीशन स्टेबल है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी भी कर रही है। मौजूदा समय उन्हें हल्के लक्षण है। इसलिए कोई चिंता की बात नहीं। परिवार के सदस्यों और पर्सनल स्टॉफ की कांटेक्ट ट्रेसिंग भी कराई जा रही है।

उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले चार दिनों में 134 नए मरीज सामने आए हैं। मंगलवार को फिरोजाबाद और बदायूं में एक-एक मरीज की मौत की खबर है। हालांकि, इन दोनों मौतों की वजह सिर्फ स्वाइन फ्लू थी या मरीजों को पहले से कोई दूसरी गंभीर बीमारी थी, यह स्पष्ट नहीं है।

फिरोजाबाद में 69 वर्षीय व्यापारी की स्वाइन फ्लू से मौत हुई, जबकि बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में 73 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। दोनों जगह नए केस भी सामने आए हैं। इटावा में दो नाबालिगों में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें एक शहरी और दूसरा ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है।

स्वाइन फ्लू के कुल संक्रमितों की संख्या हुई 685

उत्तर प्रदेश में 27 अगस्त तक स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 551 थी। एक सितंबर तक यह संख्या बढ़कर 685 हो गई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर मरीज सामान्य उपचार से ठीक हो रहे हैं और उन्हें ICU में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *