Akhilesh Yadav का आवाहन- सभी जिलाध्यक्ष भ्रष्टाचार और अत्याचार पर पत्रकार वार्ता करेंगे

Akhilesh Yadav समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल सपा और खुद के ऊपर बने एआइ वीडियो, मीम्स को लेकर भाजपा को चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि अब हम भी एआई से वीडियो बनवाएंगे तो बहुत बुरा लगेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार, विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए एआइ वीडियो बनाकर प्रसारित कर रही है। हमारे लिए गाना बनाया गया। जवाब में हमने कुछ लाइन पढ़ीं तो वो भी प्रसारित हो गईं। हद तो ये हो गई कि वे डिम्पल के लिए भी बना रहे हैं। भाजपा ये बचपना बंद करे। बच्चों के खेल न खेले। एआइ के खेल में हम भी पीछे नहीं है। पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि वो वीडियो बनाएंगे तो हम भी बनाएंगे। हम कह रहे हैं, वीडियो पर पैसे खर्च न करे। उन्होंने बीजेपी और सरकार पर भी तंज कसा।

एआइ वीडियो से ध्यान भटका रही सरकार

सपा प्रमुख ने कहा कि वो नौकरी देने की बात कह रहे थे, नौकरी कहां हैं। इतनी भ्रष्ट सरकार कभी नहीं आई। सब कुछ बेच दिया। सारी चीजें महंगी कर रहे हैं। एआइ वीडियो से ध्यान भटका रहे हैं। भूल गए हैं एआइ में हम लोग बहुत आगे हैं। हमने बहुत पहले ही लैपटाप बांट दिए थे, जो आज भी चल रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर के बाद अब ये लोग एसएआर करने वाले हैं। हम तो चुनाव से पहले एनुअल रिविजन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष सहित बूथ की टीम सतर्क रहे। ये सभी पीडीए अभियान को आगे ले जाएंगे। सभी जिलाध्यक्ष दो सप्ताह में भ्रष्टाचार और जिला स्तर पर ही रहे अत्याचार पर पत्रकार वार्ता करेंगे। सपा प्रमुख ने पीडीए पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी एसटीएफ तो स्वजातीय टार्चर फोर्स है। मुख्यमंत्री के स्वजातीय दबंग लोगों के निशाने पर पीडीए के लोग हैं। एनकाउंटर जाति देखकर हो रहे हैं, सरकार बनने पर सबकी जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *