UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में चंद्रप्रभा नदी में अचानक आई बाढ़ से राजदारी-देवदारी वाटरफॉल में जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव में तीन पर्यटक फंस गए। तीनों एक ऊंचे पत्थर पर चढ़ गए। तीन घंटे तक मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने रस्सी की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
उधर, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। रामघाट पर रात करीब 10:40 बजे पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। इससे पहले दो दिनों तक तबाही मचाने के बाद जब जलस्तर घटा, तब घर, दुकानें और सड़कें कीचड़ और मलबे से पट गईं। गलियों में कीचड़ ही कीचड़ नजर आया।
चित्रकूट में दो दिन स्कूलों में छुट्टी
हालात को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित कर दी है। नदी के किनारों के करीब रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नदी के पास न जाएं।
इधर, सोमवार सुबह बरेली, मुरादाबाद, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत सहित 15 जिलों में बारिश हुई। लखनऊ, कानपुर और आगरा समेत 20 शहरों में बादल छाए हैं। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए अमेठी, सुल्तानपुर और भदोही में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आज प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 14 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
सितंबर के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा।
वहीं, महाराजगंज में नेपाल में आई बाढ़ के बाद नारायणी (गंडक) नदी में बहकर भारतीय सीमा में पहुंचे चार अज्ञात शवों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार देर रात नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। इनमें तीन महिलाओं और एक पुरुष के शव शामिल थे। सभी शवों की पहचान नहीं हो सकी थी।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बहराइच, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, संत रविदास नगर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र।
भारी बारिश
अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बाराबंकी, फतेहपुर, गाजीपुर, हमीरपुर, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, महोबा, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव।
हल्की बारिश
औरैया, फर्रुखाबाद, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, मऊ, संत कबीर नगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, ललितपुर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बदायूं।
