UP News: उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। काशी में विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद कर दिया गया। मणिकर्णिका-हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल जलमग्न हो गए। हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों में, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार हो रहा है।
प्रयागराज में चार दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। दारागंज, करेली, सलोरी जैसे इलाकों में घरों में 3-3 फीट पानी भर गया। दो हजार से ज्यादा छात्रों ने हॉस्टल छोड़ दिया। सात हजार से ज्यादा परिवार छतों पर रह रहे हैं। हाईकोर्ट ने डीएम मनीष वर्मा से सख्त लहजे में कहा- 24 से 48 घंटे में शहरी इलाकों से पानी निकल जाना चाहिए।
कई नदियां खतरे के निशान के पार
चित्रकूट में मंदाकिनी, अयोध्या में सरयू, गोंडा में भी घाघरा खतरे के निशान को पार कर गईं। चित्रकूट में पानी सड़कों तक पहुंच गया। सड़कों पर नावें चल रहीं हैं। सोनभद्र में इस सीजन पहली बार कनहर बांध के 14 फाटक एक साथ खोलने पड़े। लखीमपुर खीरी के प्राइमरी स्कूल में 5 फीट लंबा कोबरा घुस गया। स्नैक कैचर ने उसे पकड़कर जंगल में छोड़ा।
मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। प्रयागराज में 12वीं, कौशांबी व चंदौली में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। इसका असर यूपी में पड़ रहा है। एक बार फिा बारिश का दौर शुरू हो गया । 25 अगस्त तक यह सिलसिला जारी रहेगा।
बहुत भारी बारिश
ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज।
भारी बारिश
सहारनपुर, बिजनौर, जालौन, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र।
हल्की बारिश
शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, आगरा, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली।
बूंदाबांदी
गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, बहराइच, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, गाजीपुर, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी।
