Strait of Hormuz: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ फिलहाल कोई बातचीत नहीं हो रही है और न ही ऐसी कोई बातचीत तय है। दूसरी ओर, ईरान का कहना है कि अमेरिका अब उसकी शर्तों पर बातचीत के लिए दबाव बना रहा है। इसी बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी तनाव बढ़ गया है। मिसाइल हमले के आरोप, समुद्री नाकेबंदी, व्यापारिक प्रतिबंध और तेल की बढ़ती कीमतों ने पूरे क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है।
ट्रंप बोले– ईरान से कोई बातचीत नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ न तो कोई बातचीत चल रही है और न ही फिलहाल कोई वार्ता निर्धारित है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी पूरी तरह लागू है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बिछाई गई बारूदी सुरंगों को साफ कर दिया गया है।
अमेरिका बातचीत के लिए गिड़गिड़ा रहा: ईरान
अल जजीरा की हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के रुख पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ईरान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करने में नाकाम रहने के बाद अमेरिका अब तेहरान की शर्तों पर बातचीत के लिए “गिड़गिड़ा” रहा है। ईरान का कहना है कि बातचीत तभी आगे बढ़ सकती है, जब उसकी शर्तों को स्वीकार किया जाए।
ईरान ने समुद्री यातायात को निशाना बनाकर दागीं मिसाइलें: UAE
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरान ने समुद्री यातायात को निशाना बनाकर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। मंत्रालय के मुताबिक, इनमें से एक मिसाइल UAE के क्षेत्रीय जल में जाकर गिरी, जबकि दूसरी क्षेत्रीय जल से बाहर समुद्र में गिरी। हालांकि, ईरान ने UAE के इस आरोप को खारिज कर दिया है।
ईरान ने UAE के आरोपों को बताया बेबुनियाद
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने UAE के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप अच्छे पड़ोसी संबंधों को नुकसान पहुंचाते हैं और क्षेत्रीय विश्वास को कमजोर करते हैं।
