लखनऊ में गौमूत्र के खरीदार ढूंढने निकले सपाई, पुलिस पकड़कर ले गई इको गार्डेन

लखनऊ में गौमूत्र के खरीदार ढूंढने निकले सपाई, पुलिस पकड़कर ले गई इको गार्डेन

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार (18 अगस्‍त) को राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर गोमूत्र खरीद को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता राज साहनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में गोमूत्र की बोतलें, पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे।

कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सवाल किया कि गौमूत्र कहां और किसको बेचें। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। पुलिस गाड़ियों को बैठाकर उन्हें ईको गार्डन ले गई।

गौमूत्र खरीद प्रोजेक्ट छलावा

प्रदर्शनकारियों ने बुलंदशहर में ₹10 प्रति लीटर की दर से गौमूत्र खरीदने के पायलट प्रोजेक्ट को लेकर सवाल उठाए। राज साहनी ने कहा कि गौमूत्र की बोतलें लेकर खरीदने वालों को ढूंढ रहे हैं, लेकिन कोई खरीददार नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह के प्रोजेक्ट लाकर किसानों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम और समय पर खाद उपलब्ध कराने की जरूरत है। ऐसे प्रोजेक्ट किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हैं।

बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की मांग

प्रदर्शनकारी प्रेम प्रकाश ने कहा कि गौमूत्र की आड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा पर पर्दा डाला जा रहा है। उत्तर प्रदेश में जेन-जी से लेकर जेन अल्फा तक सड़कों पर है। सरकारी स्कूलों में ना किताबें हैं ना शिक्षक हैं।

बारिश में स्कूलों की छत झरना बन जाती हैं। सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय गुमराह करने का काम कर रही है। हम लोग सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे और आम जनता को बेहतर सुविधाएं दिलाएंगे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच में जमकर धक्का मुक्की और झड़प हुई। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को टांग कर बस में भरकर इको गार्डन भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *