यूपी के 10 शहरों में बारिश, 36 में अलर्ट; बलिया में उफनाई घाघरा तो लोगों ने तोड़े घर

यूपी के 10 शहरों में बारिश, 36 में अलर्ट; बलिया में उफनाई घाघरा तो लोगों ने तोड़े घर

UP News: उत्‍तर प्रदेश में गुरुवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी और जौनपुर सहित 10 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने आज लखनऊ सहित सात जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटे में अमेठी, बाराबंकी, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है।

प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश से यूपी की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। बांसडीह में लोग अपने पक्के घर तोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो रहे हैं। अब तक 150 परिवार घर छोड़ चुके हैं।

काशी में बढ़ा गंगा का जलस्‍तर

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां डूब गई हैं। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान से 11.90 मीटर नीचे बह रही है। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। पानी चेतावनी के निशान से 1.30 मीटर नीचे बह रहा है। वृंदावन के केशीघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं।

प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। मंगलवार को प्रदेश के 40 शहरों में बारिश हुई थी। वहीं, 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

80% हिस्से से बारिश वाले बादल गायब

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं के चलते प्रदेश के करीब 80% हिस्से से बारिश वाले बारिश वाले बादल गायब हो गए हैं। इस वजह से आधे से ज्यादा प्रदेश में बारिश नहीं हो रही है।

लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के ऊपर मौसम का एक सिस्टम बना हुआ है। मानसून की लाइन तराई क्षेत्र से गुजर रही है। इसलिए बादल तो हैं, लेकिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश नहीं हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। अगले 48 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से 17 जुलाई के बाद यूपी में मानसून फिर सक्रिय होगा और अच्छी बारिश होगी।

इन 36 जिलों में बारिश का अलर्ट

रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, भदोही, प्रतापगढ़, कौशांबी और चित्रकूट में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।

वहीं, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज और सोनभद्र में हल्‍की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *