UP-Bihar समेत में 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, ओडिशा में बवंडर से दो मौतें; हिमाचल में बर्फबारी

UP-Bihar समेत में 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, ओडिशा में बवंडर से दो मौतें; हिमाचल में बर्फबारी

Weather Update: देश के उत्तर, पूर्वोत्तर, दक्षिण के 25 राज्यों में भारतीय मौसम विभाग (ECI) ने सोमवार को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, उत्तराखंड, उत्‍तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन राज्यों में 40–50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बर्फ देखने गए टूरिस्ट पूरी रात अटल टनल रोहतांग में फंसे रहे। बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ने से ट्रैफिक रोक दिया गया था। टनल में करीब हजार गाड़ियां थीं।

सिक्किम में तूफान के साथ हुई बारिश

वहीं, सिक्किम के कई इलाकों में रविवार देर शाम तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ और बिजली पोल तक गिर गए। रकडोंग काफर इलाके में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। ओडिशा के मयूरभंज जिले में भी एक बवंडर ने भारी तबाही मचाई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए। तेज तूफान के कारण 70 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण आंधी, बारिश, तूफान और ओले गिरने की घटनाएं हो रही हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी में मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। लेकिन यहां गर्मी का असर रहेगा। तापमान 35°C से 40°C के बीच रह सकता है। रविवार को महाराष्ट्र का अमरावती देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा, यहां तापमान 40.6°C दर्ज किया गया।

कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और हिमाचल में 21 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *