Weather Update: उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों में बहुत घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 4-5 दिनों तक भीषण कोहरा छाने की संभावना है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में आने वाले 6-7 दिनों में शीतलहर की संभावना जताई गई है.
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरूआत के साथ ही भयंकर ठंड पड़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहेगा. 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
यूपी में शीत लहर की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में आज कई जगहों पर (3 जनवरी) को सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 6 से 9 जनवरी तक शीतलहर देखने को मिल सकती है. आज शनिवार को और ठंड बढ़ने की संभावना है. यूपी से सटे बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है. रात और सुबह के समय बहुत घने कोहरे छाने की संभावना है. बिहार में 4 और 5 जनवरी को कोल्ड डे को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

