Weather in UP: चक्रवात अकवान के असर से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 20 नवंबर से हवा का रुख पुरवा हो जाएगा। वहीं 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर के साथ सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में बारिश के आसार हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवात और पुरवा हवाओं के असर से 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 23 नवंबर से तापमान में फिर गिरावट आने के आसार हैं। फिलहाल अगले दो दिन मौसम और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
इन राज्यों से टकराएगा तूफान
बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश के यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। वहीं, हवा के झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। अकवान चक्रवात के असर से राजधानी के मौसम में बदलाव के आसार हैं। शुक्रवार से हवा का रुख पुरवा हो जाएगा। इससे रात के तापमान में तीन से चार और दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, 21 और 22 नवंबर को बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर के बीच पुरवा हवाएं चलेंगी। इससे तापमान बढ़ेगा। 23 से फिर तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहते हुए 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
