Chhath Puja 2026: मंत्री एके शर्मा ने कुड़िया घाट का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Chhath Puja 2026: मंत्री एके शर्मा ने कुड़िया घाट का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Chhath Puja 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत लखनऊ के कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कर लिए जाएं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत पर्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था को भव्य स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि घाटों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें और वे पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण में गुणवत्ता और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *