UP News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ, जौनपुर, बरेली, गोरखपुर सहित कई शहरों सुबह रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं। इससे सड़कें भीग गईं। 50 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। 10 मीटर तक देखना मुश्किल है। सर्द हवाओं से शिमला-मसूरी जैसा फील आ रहा है। बाइक चलाने पर हाथ सुन्न हो जा रहे हैं।
घने कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइटें लेट चल रही हैं। लखनऊ, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। कुछ को कैंसिल कर दिया गया है। हवाई सफर पर भी कोहरे की मार पड़ी है। 10 शहरों में स्कूल बंद कर दिए हैं। बरेली, कानपुर, कासगंज, औरैया, जौनपुर में 8वीं और हाथरस, बिजनौर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद और संभल 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। कक्षा 12 तक के स्कूलों में सुबह 9 बजे से पढ़ाई शुरू होगी।
गोवंश को पहनाया गया काउ-कोट
कानपुर में पहली बार ठंड से बचाने के लिए गोशालाओं में गोवंश को काउ-कोट पहनाया गया है। सरकार भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।
लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से यूपी में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त आएगी। साथ ही कोहरे के घनत्व में थोड़ी कमी आएगी।
अगले दो दिनों तक मौसम
- 21 दिसंबर- पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं घना से बेहद घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट रहेगा। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
- 22 दिसंबर- पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
इन जिलों में है अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइन, लखीमपुर खीरी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आसपास के इलाकों में।

