सपा ने राज्यसभा टिकट धन्नासेठ को गिरवी रखा, PDA यानी पराया धन अपना: सीएम योगी

सपा ने राज्यसभा टिकट धन्नासेठ को गिरवी रखा, PDA यानी पराया धन अपना: सीएम योगी

UP News: सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (16 अक्‍टूबर) को गाजियाबाद में अखिलेश यादव का बिना नाम लिए कहा- राज्यसभा चुनाव में सपा ने कैसे टिकट बेचने का काम किया है, आपने देखा है। वे दो या तीन सीटों पर लड़ सकते थे। लेकिन, मैं पहले दिन से कह रहा था कि सपा के PDA का मतलब- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी। उन्होंने अपना पहला टिकट चचाजान को दिया। भाजपा ने कहा था- PDA का मतलब- पराया धन अपना। ऐसे में उन्होंने दूसरा टिकट मुंबई के धन्नासेठ को गिरवी रख दिया। यही है इनकी असलियत।

मुख्‍यमंत्री योगी ने गाजियाबाद के डासना स्थित सुंदरदीप डीम्ड यूनिवर्सिटी में MLC स्नातक और शिक्षक चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित किया। चुनाव में दिनेश कुमार गोयल और श्रीचंद शर्मा प्रत्याशी हैं। दिनेश कुमार गोयल गाजियाबाद और श्रीचंद शर्मा गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं। इस चुनाव में मेरठ और सहारनपुर मंडल के मतदाताओं द्वारा वोट किया जाएगा। इस कार्यक्रम से पहले सीएम को इंदिरापुरम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण करने जाना था, हालांकि कार्यक्रम रद्द हो गया।

सपा सरकार में दुर्गापूजा पंडाल नहीं लग सकते थे

सीएम योगी ने कहा- आज शारदीय नवरात्रि पर कई जगहों पर बड़ी-बड़ी रामलीलाएं चल रही हैं। कहीं उपद्रव नहीं। चारों ओर उत्सव का माहौल होता है। सपा की सरकार होती तो दंगे, कर्फ्यू होते। सपा के समय में ये कांवड़ यात्रा और रामलीलाएं संभव नहीं थी। उस समय नवरात्रि में दुर्गापूजा के पंडाल नहीं लग सकते थे।

योगी ने कहा- सपा का विकास से कोसों दूर कोई संबंध नहीं है। सपा का शिक्षा से कोई संबंध नहीं है। ये शिक्षा के दुश्मन हैं। सपा को युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। चार बार प्रदेश में सपा की सरकार थी। इनकी सरकार में आपने देखा होगा, सपा ने प्रदेश में संकट ही खड़ा किया। सुरक्षा, विकास, पहचान, रोजगार का संकट था। शिक्षकों के सामने संकट था। सपा सरकार में प्रदेश की पहचान दंगे, कर्फ्यू, लूट, उजड़ी सड़कें, नदारद बिजली थी।

आज बड़ी रामलीलाएं हो रहीं, सपा सरकार होती तो दंगे होते

योगी ने कहा- आजम खान विश्वविद्यालय बनाएगा तो उनके लिए सपा सरकार में दूसरे मानक थे। लेकिन, अगर ग्लोबल यूनिवर्सिटी बनने का प्रयास कर रही है तो उसे मान्यता नहीं देते थे। जब भाजपा की सरकार बनी तो एक जैसा मानक बनाया। सबका साथ और सबका विकास देखना है तो भाजपा सरकार में देखने को मिलेगा।

उन्‍होंने कहा- आज डबल इंजन सरकार में विरासत का अद्भुत संगम देख रहे होंगे। काशी विश्वनाथ और मां विध्यवासिनी में भव्य कॉरिडोर बन गया। अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया। मथुरा-वृंदावन का विकास नई ऊंचाई को प्राप्त कर रहा है। सहारनपुर में मां शांकभरी देवी मंदिर में भव्य कॉरिडोर बन रहा है। अक्सर शिवालिक पहाड़ियों में पानी आने के कारण श्रद्धालुओं में भय रहता था। इस साल के बाद वहां पर हम एलिवेटेड रोड बनाकर पूरा करेंगे, फिर किसी भी समय जाकर दर्शन कर सकेंगे।

आज यूपी के अधिकतर जिले में एक मेडिकल कॉलेज है

मुख्‍यमंत्री ने कहा- अलीगढ़, मुरादाबाद, आजमगढ़, बलरामपुर, मिर्जापुर और सहारनपुर में विश्वविद्यालय नहीं थे, इन जगहों पर विश्वविद्यालय बनवाया। खेल विश्वविद्यालय मेरठ में बनवाया। गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय, कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय बनवाया। बुंदेलखंड में दिव्यांगों के लिए विश्वविद्यालय बनवाया। आज यूपी के अधिकतर जिले में एक मेडिकल कॉलेज है।

योगी ने कहा- यूपी की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से नहीं, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से है। आज मेरठ से बैठिए और प्रयागराज तक 6 घंटे लगेंगे। आज मेरठ में मेट्रो, गाजियाबाद में मेट्रो, नोएडा में मेट्रो, कानपुर, लखनऊ में मेट्रो है, UP बदल रहा है। 9 साल में हमारी सरकार ने 9:5 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं। युवाओं की नौकरी के साथ किसी ने आज खिलवाड़ किया तो उसके लिए जेल होगी। उसके बाप, दादाओं की संपत्ति लुट जाएगी।

शिक्षा की नौका को डुबोने वाली सपा पर विश्वास नहीं

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा- सपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली पार्टी है। सपा शिक्षा विरोधी है। शिक्षा पर ये कितना भी बड़ा उद्देश्य दें, जैसे कोई मगरमच्छ नदी किनारे बैठकर किसी से कहे कि आओ मैं पीठ पर बैठाकर नदी पार करा दूंगा। ये नदी पार कराने वाले नहीं, डिबोने वाले हैं। शिक्षा की नौका को डुबोने वाली सपा पर विश्वास नहीं किया जा सकता।

सीएम बोले कि मेरठ खंड में शिक्षक मतदाता और स्नातक मतदाता पहले से ही अपना आशीर्वाद दे चुके हैं। इस बार फिर आप अपना आशीर्वाद देंगे। इसलिए मैं आपके बीच आया हूं। आप सब से मेरी अपील है कि शिक्षक-स्नातक चुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर भेजिए। 23 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग ने अवकाश घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *