PM-CM पद पर नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे, कहा- जितना पीछे देखूं, उतनी विनम्रता आती है

PM-CM पद पर नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे, कहा- जितना पीछे देखूं, उतनी विनम्रता आती है

PM Narendra Modi Sewa Sankalp: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (07 अक्‍टूबर) को बतौर मुख्‍यमंत्री (CM) और प्रधानमंत्री (PM) 25 साल का कार्यकाल पूरा किया। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बोले- ” मैं एंबीशन नहीं, मिशन के लिए जीने वाला इंसान हूं। जीवन में क्या बनूंगा, कभी सोचा ही नहीं। जिसने गिराया, उसी ने खड़ा होना सिखाया। उन्होंने कहा, “जिसने मेरा विरोध किया, उसने मुझे लोकतंत्र की शक्ति समझाई। मैंने ईश्वर से मांगा की कि सीखना कभी कम न हो।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज जितना पीछे मुड़कर देखता हूं, उतना कृतज्ञता का भाव ही आता है। हर घटना ने मुझे कुछ न कुछ ही सिखाया है। मुझे नम्र होना सिखाया।”

पीएम ने वी विल डू इट के 6 नारे दिए

  • we will do it, हम करके रहेंगे
  • विकसित भारत बाय 2047, वी विल डू इट।
  • तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी – वी विल डू इट।
  • आत्मनिर्भर भारत – वी विल डू इट
  • ओलिंपिक्स का आयोजन – वी विल डू इट
  • अंतरिक्ष में कदम- वी विल डू इट।

मोदी बोले– 2014 में देश निराशा में डूबा था, कई चुनौतियां थी

पीएम मोदी ने कहा, “जब गुजरात पहुंचा तो प्रशासनिक व्यवस्था का ज्यादा ज्ञान नहीं था, तब सिर्फ जनशक्ति का भरोसा था। इसी विश्वास को मैंने अपना सामर्थ्य बनाया। मैंने जनता को साथ लेकर निर्णय लिए, नीतियां बनाई और इन्हें लागू किया। यही मंत्र- वी विल डू इट…जब जनता साथ हो तो परिणाम ही आते हैं। गुजरात ने करके दिखाया।”

उन्‍होंने कहा, “तब विकराल चुनौतियां मुंह बाए खड़ी थीं। देश का हर नागरिक नया रास्ता खोज रहा था। भारत की इकोनॉमी को लेकर दुनिया कहने लगी थी- इट्स अ गॉन केस। तब कोई ज्योत दिखती नहीं थी। निराशा में डूबे देश को आशा की जरूरत थी। मैंने वही काम किया, जो मुझे आता था। मैंने लोगों के साथ मिलकर काम किया और उनके साथ मिलकर फिर दोहराया- वी विल डू इट। अब तस्वीर बदल गई है।”

2015-25 के दशक में खेती की वृद्धि दर सबसे ज्यादा

पीएम मोदी ने कहा, “आज मेड इन इंडिया फोन का जलवा है। कभी भारत में ब्लैकआउट हेडलाइन बनती थी, आज सोलर पावर के चर्चे होते हैं। आज खेती का उदाहरण भी है। आजादी के बाद खेती के बढ़ने की दर किसी दशक में रही तो 2015-25 के दशक में सबसे ज्यादा रही।”

कई विभीषिकाएं, लेकिन कभी साहस नहीं टूटा

पीएम ने कहा, “हमारे दिल की हर धड़कन में क्या एक ही संकल्प नहीं गूंजना चाहिए कि हमें प्राचीन भारत के गौरव को पुनर्जीवित करना है। कभी भारत विश्व की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करता था। समय का चक्र बदला, गुलामी का कालखंड आया, भारत को लूटकर तबाह कर दिया गया। जो भारत दुनिया को दिशा दिखाता था, उसके पुस्तकालय जला दिए गए। छोटे-छोटे संकट विकराल होने लगे। अकाल, कई विभीषिकाएं, लेकिन तब भी मां भारती की संतानों का साहस नहीं टूटा।”

ये समय आराम का नहीं है

पीएम ने कहा, “हर चीज में भारत सिरमौर है। टेक्नोलॉजी, खेल, उद्योग में भारत का तिरंगा लहराए। आज पूरे विश्व में भारत के पायलट की चर्चा है। एक दिन वो भी आएगा, जब दुनिया मेड इन इंडिया प्लेन की चर्चा करेगी। ये लक्ष्य तभी पूरे होंगे, जब हम दूरदर्शी नीतियां बनाएं और परिश्रम की पराकाष्ठा करें।”

उन्होंने कहा, ” अब ये समय आराम का नहीं है। ये समय सोच के साथ आगे बढ़ने का है। देश के लिए खुद को खपा देने का है। आज भारत में जितने युवा हैं, वो इतिहास से मिला बहुत बड़ा मौका है, जिसे हमें गंवाना नहीं है।”

नरेंद्र मोदी के CM से PM पद तक 25 साल के रिकॉर्ड

सबसे लंबे समय तक गुजरात के CM

अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। मोदी गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता हैं।

लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित PM

10 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे किए। इस तरह उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख

मार्च 2026 में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिन पूरे किए और सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ा।

लगातार 3 बार प्रधानमंत्री

2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। नेहरू के बाद मोदी लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे नेता हैं।

2014 और 2019 में BJP को पूर्ण बहुमत

मोदी के नेतृत्व में BJP ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। इससे पहले 1984 में किसी पार्टी को लोकसभा में पूर्ण बहुमत मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *