UP News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटरों सुमित और मोहित को यूपी पुलिस ने सोमवार (31 अगस्त) सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। इसमें बदमाश सुमित (24) और मोहित (22) को गोली लग गई। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
50-50 हजार का इनाम था घोषित
सुमित और मोहित सोनीपत के रहने वाले थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। सुमित पर एक और मोहित पर 15 मुकदमे दर्ज थे। दोनों ने अपने दो साथियों के साथ सिंगर की हत्या की थी। दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं।
26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और 18 राउंड फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एडीजी बोले– बदमाशों से हाईटेक हथियार बरामद
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया- अंकित बालियान की हत्या शामली कोतवाली के पास की गई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि वारदात में 4 शूटर शामिल थे। सभी 2 बाइक से फरार हुए थे, जिनका पुलिस लगातार पीछा कर रही थी। सुबह शामली पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए।
दोनों के पास से हाईटक हथियार बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर जमकर फायरिंग की, जिसमें पुलिस के कांन्स्टेबल भी घायल हुए हैं। मामले में बाकी शूटरों और गैंग के बड़े सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
एसपी बोले– मुठभेड़ में SOG के दो कॉन्स्टेबल घायल
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- मुठभेड़ में SOG के कॉन्स्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से हथियार और बाइक बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सुमित और मोहित 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में आए थे। दोनों ने वहां अपने QR कोड से पेमेंट किया था। पुलिस जांच कर रही है कि अंकित की हत्या से पहले दोनों ने किन लोगों से संपर्क किया था और हत्या के बाद किन लोगों की मदद से फरार हुए।
पुलिस को शक– अंकित की गाड़ी में GPS लगाया गया था
पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की गाड़ी में GPS डिवाइस लगाया गया था। इसके जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक किए जाने की आशंका है। पुलिस पता कर रही है कि GPS किसने उपलब्ध कराया, गाड़ी में किसने लगाया और इसकी जानकारी किन लोगों तक पहुंच रही थी। जांच में सोनीपत निवासी भोलू उर्फ राहुल शाहपुरिया का नाम भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, भोलू गोगी गैंग से जुड़ा रहा है और अंकित से उसकी रंजिश थी। जांच के अनुसार, गोगी गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद अंकित ने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाना गाया था।
इस गाने को लेकर भोलू और उसके साथियों में अंकित के प्रति नाराजगी थी। अंकित की हत्या से कुछ दिन पहले गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोगों ने सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो और पोस्ट किए थे। कुछ वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन और गाड़ियों के काफिले दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन पोस्ट और वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर रही है।
कनाडा में रहते हैं गोगी के परिवार के सदस्य
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, गोगी के परिवार के कुछ सदस्य कनाडा में रहते हैं। पुलिस को आशंका है कि विदेश में बैठे कुछ लोग गैंग की गतिविधियां चला रहे हैं। पुलिस रंगदारी, हत्या और सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने जैसी गतिविधियों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विदेश में बैठे लोगों का अंकित हत्याकांड से कोई सीधा संबंध था या नहीं।
सिंगर की पत्नी बोलीं– बाकी आरोपियों का भी यही हश्र हो
सिंगर की पत्नी सीमा ने कहा- इंसाफ मिलने की शुरुआत हो चुकी है। हमें कुछ राहत मिली है। सीएम योगीजी ने अपनी स्टाइल में जवाब देकर दिखा दिया। इसलिए उन्हें लॉ एंड ऑर्डर के लिए इतना सख्त माना जाता है। उन्होंने इस केस को बहुत गंभीरता से लिया। लेकिन काम अभी अधूरा है। काम तब पूरा होगा, जब इस केस में शामिल सभी लोगों का यही हश्र होगा।
वहीं, अंकित की मां अमरेश ने कहा, “2 आरोपी मारे गए हैं जो आरोपी बचे हैं उन्हें भी पकड़ा जाए। मेरे दूसरे बेटे को नौकरी दी जाए।”
