UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। लखनऊ में गुरुवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी है। पूरी रात रिमझिम बारिश हुई। सुबह 6 बजे बारिश थमी, लेकिन आसमान में काले बादल छाए रहे। करीब 40 मिनट बाद फिर से अंधेरा छा गया। बूंदाबांदी होने लगी।
इसके अलावा, सुबह 5 बजे से उन्नाव, बलरामपुर, बिजनौर और हापुड़ समेत 10 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। हापुड़ के कई इलाकों में 2-2 फीट पानी भर गया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 49 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और गाजियाबाद समेत 13 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद हैं।
कल 69 शहरों में हुई बारिश
इससे पहले, गुरुवार को प्रदेश के 69 शहरों में बारिश हुई। बिजनौर के नजीबाबाद में रिकॉर्ड 306 मिमी. बारिश हुई। 1952 से अब तक के रिकॉर्ड में यह 24 घंटे में चौथी सबसे ज्यादा बारिश है। वहीं, जुलाई महीने के रिकॉर्ड में यह तीसरी सबसे ज्यादा बारिश है। मेरठ मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया है। ओपीडी बंद कर दी गई।
खराब मौसम की वजह से हुए हादसों में 10 लोगों की जान चली गई। हरदोई में नदी में नहाने गईं 2 बहनें तेज बहाव में बह गईं। किसान ने एक को बचा लिया, जबकि दूसरी अभी भी लापता है। सहारनपुर में सहंश्रा नदी के तेज बहाव में एक महिला समेत 3 लोग बाइक सहित बहने लगे, जिन्हें ग्रामीणों ने बचा लिया।
5 दिनों तक जारी रहेगी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
इन जिलों में आज बहुत भारी बारिश का अलर्ट
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं के आसपास ।
इनमें भारी बारिश की चेतावनी
आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, औरैया के आसपास।
बारिश-खराब मौसम की वजह से 24 घंटे में 10 लोगों की मौत
- संतकबीरनगर में 16 साल की लड़की पर बिजली गिरी। इससे उसकी मौत हो गई।
- गाजियाबाद में 3 साल की बच्ची समेत तीन की मौत हुई।
- प्रयागराज में दो और अलीगढ़ में एक महिला की पानी में करंट उतरने से मौत हो गई।
- हापुड़ में घर ढहने से एक महिला की जान चली गई।
- बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
- गाजियाबाद में जलभराव के बीच करंट लगने से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हुई।
