UP Ka Mausam: प्रदेश में गुरुवार देर रात और शुक्रवार को आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों और तराई क्षेत्रों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। इससे कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस बीच अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में 28 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम के कारण भारी तबाही का संज्ञान लेते हुए सभी डीएम को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं। रायबरेली में मकान के टिनशेड के नीचे दबकर शकुंतला (50) की मौत हो गई। अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से केदारनगर के इंद्रजीत (50) की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 10 मौतें बुंदेलखंड में हुईं। इनमें बांदा-हमीरपुर में तीन-तीन, महोबा उरई में दो-दो लोगों की मौत हुई।
इसके अलावा मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर में एक-एक व्यक्ति की जान गई। कौशाम्बी में चार, प्रतापगढ़ में एक की जान गई। आजमगढ़, बलिया और भदोही में एक- एक व्यक्ति की मौत हुई है। देवरिया में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कच्चे मकान की दीवार गिरने से आगरा में एक रिक्शाचालक की मौत हुई है। सहारनपुर के सिद्धपीठ शाकंभरी देवी क्षेत्र में गुरुवार रात 12 बजे शिवालिक पहाड़ियों पर हुई मूसलधार बारिश के बाद आई बाढ़ ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। जल प्रवाह की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गई।
गर्मी से राहत भी
आंधी- बारिश से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे आ गया। अमेठी, अयोध्या, सीतापुर, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद, बरेली में आंधी के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं, सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई जिलों में ओले गिरे।
आज फिर आंधी–बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में आंधी-तूफान और 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में है गरज चमक व आंधी का ऑरेंज अलर्ट (गति 50 से 70 किमी/घंटा)
-
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।
इन जिलों में है भारी वर्षा की चेतावनी
-
बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, एवं आस पास के क्षेत्र।

