LPG संकट पर विपक्ष का प्रदर्शन, हरदीप पुरी के बयान पर कांग्रेस बोली- वे सपनों में जी रहे  

LPG संकट पर विपक्ष का प्रदर्शन, हरदीप पुरी के बयान पर कांग्रेस बोली- वे सपनों में जी रहे  

LPG Price Hike Protest: देशभर में घरेलू LPG गैस की किल्‍लत को लेकर लोकसभा में शुक्रवार को भी प्रश्नकाल की शुरुआत के साथ ही विपक्ष ने हंगामा किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसद 8 निलंबित सांसदों की वापसी की मांग कर रहे थे। ओम बिरला ने कहा कि सदन की मेजों पर चढ़ोगे तो यही एक्शन होगा। संसद की प्रतिष्ठा बनाने की जिम्मेदारी सभी की है।

इसके बाद लोकसभा 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले विपक्षी दलों ने संसद परिसर में प्लेकार्ड दिखाकर LPG संकट पर प्रदर्शन किया। इससे पहले गुरुवार को सरकार ने सदन में LPG और तेल की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया था। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, केरोसीन या एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कोई कमी नहीं है।

हरदीप पुरी के बयान पर कांग्रेस बोली– वे सपनों में जी रहे

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बयान पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, “वे असलियत में नहीं जी रहे हैं। वे एक सपनों की दुनिया में जी रहे हैं। हमारे चुनाव क्षेत्रों में भी लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं। देश की राजधानी में हम देख सकते हैं कि लोग कितनी तकलीफ में हैं। इस असलियत का उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है क्योंकि वे एक अलग ही दुनिया में जी रहे हैं। वे नहीं चाहते कि राहुल गांधी इन मुद्दों पर बोलें।”

TMC आज CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाएगी

तृणमूल कांग्रेस (TMC) शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश करेगी। लोकसभा में कुल 128 विपक्षी सांसदों और राज्यसभा में 63 सांसदों ने CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाले प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं। इस प्रस्ताव पर लोकसभा में 100 सदस्यों या राज्यसभा में 50 सदस्यों के साइन होना अनिवार्य है।

संविधान के अनुच्छेद 324(5) में कहा गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को केवल उसी प्रक्रिया और उन्हीं आधारों पर हटाया जा सकता है, जिससे सुप्रीम कोर्ट के किसी जज को हटाया जाता है। सांसद कल्याण बनर्जी ने बताया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, DMK और NCP (SCP) के सांसदों ने इस प्रस्ताव पर साइंस किए हैं।

डीएमके ने भी किए हस्‍ताक्षर

कल्‍याण बनर्जी ने कहा, “महाभियोग प्रस्ताव लाने का निर्णय हमारी नेता ममता बनर्जी ने लिया था। हम यह प्रस्ताव लाए हैं। हमने इस पर हस्ताक्षर किए हैं; समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, शरद पवार की पार्टी और DMK ने भी इस पर हस्ताक्षर किए हैं, यानी, सभी ने इस पर साइन किए हैं।”

वहीं, विपक्ष ने प्रश्न काल में एलजीपी के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया। सांसद नारेबाजी करने लगे। इनकी मांग थी कि सदन से निलंबित सांसदों को बहाल किया जाए। स्पीकर ओम बिरला ने 8 मेंबर के बाहर होने पर कहा- सदन की मेजों पर चढ़ोगे तो यही एक्शन होगा। संसद की प्रतिष्ठा बनाने की जिम्मेदारी सभी की है। इसके बाद लोकसभा 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

संसद में विपक्ष का LPG के मुद्दे पर प्रदर्शन जारी

कांग्रेस सांसद बोले– देश की असल स्तिथि बहुत अलग

कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा- हमें इस देश की असली स्थिति को समझना होगा। दिन-ब-दिन हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है, कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। हर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी पर लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। असली स्थिति पूरी तरह से अलग है। प्रधानमंत्री को उपभोक्ताओं की घबराहट भरी स्थिति को समझना चाहिए।

कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने कहा- चाहे नोटबंदी हो या लॉकडाउन, अगर कोई दिक्कत नहीं है तो (LPG के) दाम क्यों बढ़ाए गए हैं? लोगों को LPG क्यों नहीं मिल रही है?

भाजपा सांसद बोले– LPG की जमाखोरी कांग्रेस-सपा के लोग कर रहे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि आर वेंकटरमन ने 1974 में तैयार की रिपोर्ट में रेलवे के इलेक्ट्रिफिकेशन, कोयला गैसिफिकेशन और हाइड्रो पावर बढ़ाने की सिफारिश की थीं। लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में कुछ पहलों को छोड़कर, इसे लगभग 40 सालों तक लागू नहीं किया गया। यह समिति 1970 में बनाई गई थी और अटल बिहारी वाजपेयी ने रिपोर्ट को अंतिम रूप देने में हुई देरी की आलोचना की थी।

पीएम मोदी ने कहा है कि जिस तरह भारत ने COVID के दौरान 140 करोड़ लोगों की रक्षा की, उसी तरह देश वैश्विक संघर्षों को भी संभालेगा और कोई संकट नहीं है। जो जमाखोरी देखने को मिल रही है, वह कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य लोगों कर रहे हैं।

निशिकांत दुबे बोले– पश्चिम एशिया संघर्ष का देश पर असर नहीं

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- 1970-1974 के बीच एक रिपोर्ट तैयार की गई थी। उस रिपोर्ट की परमाणु सुविधाओं का विकास करना, रेलवे का विद्युतीकरण करना जैसी सिफारिशें शामिल थीं। मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को चुनौती देता हूं कि 1974 से 2014 के बीच उन्होंने इनमें से कौन सी चीजें लागू कीं? पश्चिम एशिया के संघर्ष का भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा, PM मोदी देश की जनता की रक्षा करेंगे।

सपा सांसद बोले– अधिकारी पीएम को सही जानकारी नहीं दे रहे

सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा- एलपीजी के मुद्दे पर अधिकारी पीएम मोदी को सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। क्योंकि दावा कर रहे हैं कि LPG की कोई कमी नहीं है। उन्हें जमीनी हकीकत देखनी चाहिए, लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं।

चिदंबरम बोले– भारत की विदेश नीति एकतरफा हुई

पी चिदंबरम ने कहा कि भारत की विदेश नीति कितनी एकतरफा हो गई है। इसका नया सबूत यह है कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ईरान की निंदा करने वाला एक प्रस्ताव पेश किया, लेकिन अमेरिका और इजराइल के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहा। यह प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमेरिका और 12 अन्य देशों के समर्थन से पारित हुआ। रूस और चीन ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान नहीं किया। विवेक किसे कहते हैं? कूटनीति क्या है? और एक निष्पक्ष विदेश नीति कैसी होती है?

भाजपा नेता बोले– राहुल ने देश का मनोबल गिराने की कोशिश की

भाजपा नेता सीआर केसवन ने कहा- राहुल गांधी ने कल संसद में एक प्रलय की चेतावनी देने वाले की तरह घबराहट फैलाने की कोशिश की, यह हमारे लोगों और देश का मनोबल गिराने की हताश कोशिश थी। राहुल गांधी ने संसद में बिना तालमेल तर्क की बातें अलग-अलग मुद्दों पर करते रहे। उन्हें लगता है कि संसद उनका अपना निजी खेल का मैदान है। वे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जी के संविधान से ऊपर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *