Saryu Kamla Express: अयोध्या और जनकपुर के बीच फिर जीवंत होंगे सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते

Saryu Kamla Express: अयोध्या और जनकपुर के बीच फिर जीवंत होंगे सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते
  • बोले सीएम योगी– यह रेल सेवा भारत–नेपाल की चिरस्थायी मित्रता, धार्मिक आस्था और आर्थिक संबंधों को देगी नई गति

Saryu Kamla Expres: अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पारिवारिक विरासत को आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगी। यह केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने वाली रेल सेवा नहीं, बल्कि साझा विरासत, जनआस्था और आर्थिक संभावनाओं को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के दृष्टिकोण का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का यह जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी। यह दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता और आपसी विश्वास को और सुदृढ़ करेगी।

खुली सीमा और ‘पड़ोसी प्रथम’ की नीति से मजबूत हो रहे संबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा दुनिया में आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन करते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में भारत और नेपाल एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति ‘पड़ोसी प्रथम’ की भावना के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ लगभग 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत बनाने के लिए हाईवे, आई-वे और ट्रांस-वे के माध्यम से सड़क, डिजिटल, ऊर्जा, सूचना और रेल संपर्क को विस्तार देने का दृष्टिकोण रखा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनकपुर के माता जानकी मंदिर परिसर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय अयोध्या में पहली बस का स्वागत करने का अवसर मिला था। अब रेल संपर्क के माध्यम से दोनों धामों के बीच संबंधों को और विस्तार मिल रहा है।

सीमा क्षेत्र में कनेक्टिविटी और व्यापार का विस्तार

मुख्यमंत्री ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए कहा कि रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से जाता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे के निर्माण से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा में लगने वाले समय में लगभग आधी कमी आएगी। बहराइच के सीमावर्ती रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। इससे सीमा क्षेत्र में जनसंपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां पब्लिक टर्मिनल बिल्डिंग, कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सप्ताह ही 1,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण किया गया। नेपाल सीमा से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने 750 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित छह लेन के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा के बीच संपर्क मजबूत होगा। वहीं, अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर जाने वाला श्रीराम-जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है। इन परियोजनाओं से भारत-नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क के नए अवसर तैयार होंगे।

अयोध्या में आधुनिक कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन को मिल रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उपेक्षा का सामना करने वाली अयोध्या आज आधुनिक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के माध्यम से भगवान श्रीराम की नगरी को देश और दुनिया से जोड़ा गया है। पहले जहां अयोध्या में सिंगल रेल लाइन की कनेक्टिविटी थी, वहीं अब डबल रेल लाइन के साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी नई गति प्रदान करेगी। यह ट्रेन मां जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मां जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *